हरियाणा में बारिश-ओलावृष्टि से तापमान 3.4°C गिरा आंधी और बारिश से कई जिलों में गेहूं की फसल गिरी

हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान 3.4 डिग्री तक गिर गया। कई जिलों में आंधी-बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान हुआ, जबकि यमुनानगर में बिजली का तार रेलवे लाइन पर गिरने से ट्रेनें रोकनी पड़ीं।

हरियाणा में बारिश-ओलावृष्टि से तापमान 3.4°C गिरा  आंधी और बारिश से कई जिलों में गेहूं की फसल गिरी

बारिश और ओलावृष्टि से हरियाणा में तापमान 3.4°C गिरा, कई जिलों में मौसम खराब
आंधी-बारिश से गेहूं की खड़ी फसल गिरी, किसानों को नुकसान
यमुनानगर में हाई वोल्टेज तार रेलवे लाइन पर गिरा, एहतियातन ट्रेनें रोकी गईं


हरियाणा में रविवार को अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन किसानों की चिंता भी बढ़ा दी। प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि होने से तापमान में करीब 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को भी कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।रविवार देर रात पानीपत और गुरुग्राम में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरे। वहीं कई जिलों में तेज आंधी के कारण गेहूं की खड़ी फसल खेतों में गिर गई, जिससे किसानों को नुकसान हुआ है।

उधर यमुनानगर में देर रात आई तेज आंधी और बारिश के दौरान शिव कॉलोनी के पास हाई वोल्टेज बिजली की लाइन का तार टूटकर रेलवे लाइन के ऊपर से गुजर रहे तारों पर गिर गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए स्टेशन मास्टर ने एहतियात के तौर पर ट्रेनों को रोक दिया

इस घटना के कारण आसपास के दो घरों में लगे बिजली उपकरण भी जल गए, जिससे स्थानीय लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा के कई जिलों में मौसम बिगड़ा रहा। पानीपत, अंबाला, गुरुग्राम, रेवाड़ी, जींद और कैथल में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद, हिसार, सोनीपत, करनाल, पलवल और रोहतक में तेज आंधी के बाद बारिश हुई।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो मेवात के मंढोला क्षेत्र में सबसे अधिक 4.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा करनाल के इन्द्री में 3.5 मिमी और गुरुग्राम में 1.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अंबाला में भी हल्की बूंदाबांदी हुई।बारिश और बादलों के कारण कई जिलों में तापमान तेजी से नीचे आया। सिरसा में तापमान 5.3°C और हिसार में 5.2°C तक गिर गया। हालांकि इससे लोगों को अचानक बढ़ रही गर्मी से राहत जरूर मिली है।मौसम विभाग के अनुसार 16 से 18 मार्च तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। वहीं 19 और 20 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।