हरियाणा से बिहार का सफर होगा आसान, शुरू होगी सीधी AC बस सेवा: दोनों राज्यों के बीच हुआ ऐतिहासिक समझौता
हरियाणा और बिहार के बीच सीधी AC बस सेवा शुरू करने के लिए द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर हुए। गुरुग्राम, अंबाला, पानीपत सहित कई शहरों से पटना, गया, दरभंगा और अन्य शहरों तक नियमित बस सेवा शुरू होगी।
➤ हरियाणा और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने पर समझौता
➤ गुरुग्राम, अंबाला, पानीपत समेत कई शहरों से पटना, गया और दरभंगा तक चलेंगी AC बसें
➤ यात्रियों को मिलेगा सस्ता और सुविधाजनक सफर, निजी वाहनों पर निर्भरता होगी कम
हरियाणा और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दोनों राज्यों के बीच सीधी अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को दोनों राज्यों के अधिकारियों ने द्विपक्षीय बस परिचालन समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के बाद हरियाणा के प्रमुख शहरों से बिहार के कई बड़े शहरों तक आधुनिक वातानुकूलित (AC) बसों का नियमित संचालन किया जाएगा। इससे यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और किफायती सफर की सुविधा मिलेगी।
समझौते पर हरियाणा सरकार की ओर से परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरू तथा बिहार सरकार की ओर से राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने हस्ताक्षर किए। इस समझौते को दोनों राज्यों के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
समझौते के अनुसार हरियाणा के गुरुग्राम, अंबाला, सोनीपत, पानीपत सहित अन्य प्रमुख शहरों से बिहार के पटना, पूर्णिया, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर के लिए नियमित AC बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। इससे नौकरी, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरू ने कहा कि यह समझौता अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे यात्रियों को कम किराये पर गुणवत्तापूर्ण AC बस सेवा उपलब्ध होगी और निजी वाहनों तथा महंगे परिवहन साधनों पर निर्भरता भी कम होगी।
नई बस सेवा शुरू होने से हरियाणा और बिहार के बीच परिवहन व्यवस्था अधिक मजबूत होगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन और सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। परिवहन विभाग जल्द ही बसों के संचालन, रूट और समय-सारिणी की विस्तृत जानकारी जारी कर सकता है।
Akhil Mahajan