गुरुग्राम में टाइल्स के गोदाम में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
गुरुग्राम की नई बस्ती में टाइल्स के गोदाम में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट की आशंका के बीच लाखों का सामान जल गया। पुलिस ने इलाके के रास्ते सील किए।
■ गुरुग्राम में टाइल्स के गोदाम में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
■ फायर ब्रिगेड ने आसपास के रिहायशी मकानों तक आग फैलने से रोकी
■ शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, लाखों का सामान जलकर राख
गुरुग्राम शहर के नई बस्ती इलाके में स्थित एक टाइल्स के गोदाम में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
यह हादसा काली माता मंदिर के समीप स्थित गोदाम में हुआ। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। संकरी गलियां होने के कारण दमकल विभाग को शुरुआत में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन फायर कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को आसपास के रिहायशी मकानों तक फैलने से रोक लिया।
सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस ने मंदिर के आसपास के रास्तों को सील कर दिया। इलाके में लोगों की आवाजाही रोक दी गई ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय गोदाम के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग की वजह से गोदाम में रखी लाखों रुपये कीमत की टाइल्स और अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने के काम में जुटी हुई हैं ताकि आग दोबारा न भड़क सके।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, मौके पर दो दमकल गाड़ियां भेजी गई हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद रेस्क्यू और जांच अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
pooja