एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, Encounter में दीपक नांदल गैंग के दो शूटर गिरफ्तार
गुरुग्राम एसटीएफ ने गैंगस्टर दीपक नांदल गैंग के दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया, सेक्टर 45 फायरिंग केस का खुलासा।
➤ गुरुग्राम एसटीएफ ने गैंगस्टर दीपक नांदल के दो शार्प शूटर को दबोचा
➤ सेक्टर 45 में बिल्डर के ऑफिस पर फायरिंग में दोनों का हाथ
➤ एसटीएफ तीन अन्य शूटरों की तलाश में, पूछताछ जारी
गुरुग्राम (हरियाणा): हरियाणा एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल के दो शार्प शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शूटरों की पहचान सोनीपत निवासी नरेंद्र उर्फ बाबा और रोहतक निवासी मोहित उर्फ चिंटू के रूप में हुई है। ये दोनों ही आरोपी सेक्टर 45 स्थित एक बिल्डर के ऑफिस पर हुई फायरिंग की वारदात में शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, यह फायरिंग कुछ दिन पहले हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी गैंगस्टर दीपक नांदल ने सोशल मीडिया पर ली थी। वारदात के बाद से ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। एसटीएफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को दबोच लिया। फिलहाल तीन अन्य शूटर — अरुण, गोकुल और फौजी — अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों शूटरों से एसटीएफ गहन पूछताछ कर रही है। उनसे कई पुराने मामलों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है, क्योंकि माना जा रहा है कि ये दोनों दीपक नांदल के कई आपराधिक मामलों में सक्रिय सदस्य रहे हैं।
गौरतलब है कि गैंगस्टर दीपक नांदल का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा है। उसने बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी भी ली थी। इसके अलावा, प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। लगातार बढ़ती गैंगवार घटनाओं के बीच एसटीएफ की यह कार्रवाई अपराध जगत के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
Author1