MBBS की तैयारी कर रहे युवक ने पीजी में लगाया फंदा, मौत
गुरुग्राम के एक पीजी में युवक का सड़ा हुआ शव मिला है। बदबू आने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया, जो कई दिन पुराना बताया जा रहा है।
गुरुग्राम के PG में युवक का सड़ा शव मिलने से सनसनी
कमरे से बदबू आने पर खुला राज, अंदर से बंद था दरवाजा
MBBS की तैयारी कर रहा था युवक, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बास कुशला गांव स्थित एक पीजी में एक युवक का सड़ा हुआ शव बरामद हुआ है। शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान करीब 30 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खामपुर गांव नारनौल का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से गुरुग्राम में रहकर MBBS प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पीजी के एक कमरे से लगातार तेज बदबू आने लगी। अन्य किराएदारों और संचालक ने जांच की तो पाया कि अंकित का कमरा अंदर से बंद है। अनहोनी की आशंका के चलते तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर अंकित का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस के अनुसार शव कई दिन पुराना था, जिसके चलते उसकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव करीब चार से पांच दिन पुराना हो सकता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि युवक की मौत के पीछे क्या कारण रहे। घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।
Akhil Mahajan