पत्नी की हत्या में पति और लिव-इन पार्टनर पर आरोप

गुरुग्राम के मानेसर में नवविवाहिता मधु की हत्या मामले में पति और उसकी लिव-इन पार्टनर पर आरोप लगे हैं। पुलिस हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत जांच कर रही है।

पत्नी की हत्या में पति और लिव-इन पार्टनर पर आरोप

गुरुग्राम में पत्नी की हत्या में पति और लिव-इन पार्टनर पर आरोप

कनपटी से सटाकर मारी गई 2 गोलियां, बाथरूम में मिली लाश

हत्या के बाद बच्चे के साथ भागते दिखे आरोपी


गुरुग्राम के मानेसर इलाके में नवविवाहिता मधु हत्याकांड में लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। शुरुआती जांच में जिस मामले को गुमशुदगी दिखाने की कोशिश की गई थी, वह अब एक सुनियोजित हत्या की साजिश के रूप में सामने आया है।

पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मधु की हत्या बेहद करीब से गोली मारकर की गई। डॉक्टरों के अनुसार मृतका की कनपटी से सटाकर दो गोलियां दागी गई थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को घटनास्थल से दो खाली कारतूस भी बरामद हुए हैं। वारदात के बाद शव को बाथरूम में बंद कर आरोपी मौके से फरार हो गए। कमरे में कई दिनों तक शव पड़े रहने के कारण वहां तेज बदबू फैल गई थी।

मृतका के पिता अशोक ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति अंकित भगत ने अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर की। उन्होंने दावा किया कि अंकित पहले से दूसरी महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और संभवतः उससे शादी भी कर चुका था।

परिजनों के अनुसार मधु की शादी इसी साल 19 फरवरी को मानेसर गांव निवासी अंकित भगत से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही मधु संदिग्ध परिस्थितियों में 21 मई को लापता हो गई।

मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने उन्हें फोन कर बताया था कि मधु घर से जेवर लेकर भाग गई है। हालांकि पड़ोसियों से मिली जानकारी के बाद परिवार को शक हुआ। लोगों ने बताया कि मधु को आखिरी बार उसके पति अंकित के साथ स्कूटी पर जाते देखा गया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित ने मानेसर बस स्टैंड के पास किराये पर एक कमरा लिया हुआ था, जहां उसकी लिव-इन पार्टनर रहती थी। जब पुलिस वहां पहुंची तो कमरा बाहर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ने पर बाथरूम से मधु का शव बरामद हुआ।

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि अंकित ने यह शादी दहेज और मधु के नाम मौजूद तीन बीघा जमीन हड़पने के लिए की थी। परिवार का कहना है कि शादी में उनकी क्षमता से अधिक दहेज दिया गया था।

पुलिस अब आरोपी अंकित भगत, उसकी लिव-इन पार्टनर और मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मोबाइल सर्विलांस और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।