हरियाणा में किंगडम ऑफ ड्रीम्स में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित किंगडम ऑफ ड्रीम्स में बुधवार को भीषण आग लग गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंचीं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हरियाणा में किंगडम ऑफ ड्रीम्स में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

गुरुग्राम के किंगडम ऑफ ड्रीम्स में दोपहर को भीषण आग लगी

आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं, आग के कारणों की जांच जारी


गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित मशहूर किंगडम ऑफ ड्रीम्स (KOD) में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। बंद पड़ी इमारत से ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार उठता देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:45 बजे आग लगने की सूचना फायर विभाग को मिली। आग की गंभीरता को देखते हुए तुरंत आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने या इमारत में फंसे होने की सूचना सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि किंगडम ऑफ ड्रीम्स पिछले कई वर्षों से वित्तीय विवादों और कानूनी अड़चनों के कारण बंद पड़ा हुआ है। इमारत के अंदर बड़ी मात्रा में पुराना शो का सामान, लकड़ी का स्ट्रक्चर और कबाड़ रखा हुआ था। शुरुआती आशंका है कि इन्हीं ज्वलनशील वस्तुओं के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।

घटना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर तैनात हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे परिसर को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया गया है।

देश का पहला लाइव एंटरटेनमेंट डेस्टिनेशन था KOD

किंगडम ऑफ ड्रीम्स भारत का पहला लाइव एंटरटेनमेंट, थिएटर और लीजर डेस्टिनेशन माना जाता था। वर्ष 2010 में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भव्य सांस्कृतिक केंद्र का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, कला, हस्तशिल्प और खानपान को आधुनिक तकनीक के साथ दुनिया के सामने प्रस्तुत करना था।

करीब 6 एकड़ में फैले इस परिसर में भव्य म्यूजिकल शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देश के विभिन्न राज्यों के व्यंजनों का अनूठा अनुभव मिलता था। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान भी इस प्रोजेक्ट के ब्रांड एंबेसडर रह चुके हैं। हालांकि वित्तीय संकट और कानूनी विवादों के चलते यह प्रतिष्ठित केंद्र पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा है।

फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।