करनाल नहर में बोरी में बंद मिला युवक का शव, ह*त्या की आशंका
करनाल की जाणी नहर में बोरी में बंद युवक का शव मिला। टांग दिखाई देने पर गोताखोरों ने शव निकाला। पुलिस हत्या की आशंका से जांच कर रही है।
करनाल की जाणी नहर में बोरी में बंद मिला 30-35 साल के युवक का शव
➤ बोरी नीचे से सिली थी, बाहर सिर्फ टांग दिखाई देने पर बुलाए गए गोताखोर
➤ पुलिस को हत्या की आशंका, मृतक के गले में लाल डोरा और कड़े पर लिखा है ‘जयश्री श्याम’
करनाल जिले की जाणी नहर में शनिवार को बोरी में बंद एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नहर के किनारे लोगों की नजर उस समय बोरी पर पड़ी, जब उसमें से युवक की एक टांग बाहर दिखाई दे रही थी। संदिग्ध हालत में बोरी देखकर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना गोताखोरों को दी। इसके बाद गोताखोर सुभाष और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। बोरी को नीचे से भी सिला हुआ था और उसके भीतर युवक का शव बंद था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पहचान के लिए मोर्च्युरी हाउस में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बोरी खोलने पर सामने आया युवक का शव
गोताखोर सुभाष ने बताया कि जाणी नहर में युवक का शव बोरी के अंदर मिला था। बोरी नीचे से भी सिली हुई थी और उसमें से केवल मृतक की टांग नजर आ रही थी। आसपास के लोगों ने टांग दिखाई देने के बाद उन्हें कॉल किया। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला।
सुभाष के अनुसार, प्राथमिक तौर पर ऐसा लग रहा है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को बोरी में डालकर नहर में फेंका गया हो सकता है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकेगा।
30 से 35 साल बताई जा रही उम्र, नेपाली मूल का लग रहा युवक
जुंडला चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 30 से 35 साल है। देखने में वह नेपाली मूल का लग रहा है। युवक के गले में लाल डोरा, हाथ में एक कड़ा और चेन मिली है। कड़े पर ‘जयश्री श्याम’ लिखा हुआ है।
पुलिस ने शव के पास पहचान से संबंधित दस्तावेज तलाशे, लेकिन ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे मृतक की पहचान हो सके। ऐसे में पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती शव की पहचान कराने की है।
हत्या समेत कई पहलुओं पर जांच
शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक कौन था, वह जाणी नहर तक कैसे पहुंचा और बोरी में बंद शव नहर में किसने फेंका।
पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ-साथ नहर में शव पहुंचने के कारणों और संभावित हत्या के पहलू से भी जांच कर रही है। प्राथमिक तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की वास्तविक स्थिति और कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल शव मोर्च्युरी हाउस में रखा गया है। पुलिस मृतक की पहचान के लिए उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
Akhil Mahajan