राव इंद्रजीत के बड़े सवाल,लोकल MP को नहीं बुलाया, 6 बार जिताया

गुरुग्राम में विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम के दौरान राव इंद्रजीत ने लोकल MP को निमंत्रण नहीं देने पर सवाल उठाए और छह बार जीत का जिक्र किया।

राव इंद्रजीत के बड़े सवाल,लोकल MP को नहीं बुलाया, 6 बार जिताया

राव इंद्रजीत ने गुरुग्राम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से लोकल MP को कार्यक्रम में नहीं बुलाने पर सवाल उठाए
केंद्रीय मंत्री ने कहा- गुरुग्राम की सभा में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए था
राव इंद्रजीत बोले- 6 बार जनता ने जिताया, विभाजन की पीड़ा और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी

गुरुग्राम। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के मौके पर गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उस समय राजनीतिक चर्चा तेज हो गई, जब केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मंच से ही कार्यक्रम के आयोजन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को निमंत्रण नहीं दिए जाने पर सवाल खड़े कर दिए।

सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क के ओपन पार्किंग एरिया में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी कार्यक्रम में पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन के दौरान दी।

लोकल MP को नहीं बुलाने पर उठाया सवाल

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सभा में हरियाणा और राजस्थान से लोग आए हैं, लेकिन स्थानीय लोगों को नहीं बुलाया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर आपत्ति है।

उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी का जिक्र करते हुए उनसे ही सवाल किया कि जिस लोकसभा क्षेत्र में कार्यक्रम हो रहा है, वहां के सांसद को ही आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने पूछा कि यदि नितिन नबीन कार्यक्रम में नहीं आते तो क्या उनका यहां आना उचित होता।

राव इंद्रजीत ने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि ऐसा कार्यक्रम पानीपत में आयोजित होता तो क्या वहां के तत्कालीन सांसद संजय भाटिया को नहीं बुलाया जाता। इसी तरह करनाल में कार्यक्रम होने पर क्या मनोहर लाल को आमंत्रित नहीं किया जाता।

बोले- छह बार जनता ने जिताया

राव इंद्रजीत ने अपने संबोधन में गुरुग्राम और आसपास के लोगों से अपने पुराने राजनीतिक जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यहां बैठे पंजाबियों का वह दिल से धन्यवाद करते हैं।

उन्होंने कहा कि उन्होंने छह बार जनता से वोट मांगे और छह बार जनता ने उन्हें जीत दिलाई। उनके इस बयान के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी ध्यान से उनकी बात सुनी।

विभाजन की पीड़ा को याद करने का आयोजन

गुरुग्राम में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान विस्थापन और पीड़ा झेलने वाले परिवारों की स्मृतियों को सम्मान देना है।

कार्यक्रम स्थल पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें विभाजन से जुड़ी घटनाओं, विस्थापन की पीड़ा और प्रभावित परिवारों के संघर्ष को तस्वीरों तथा अन्य सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

आयोजकों के मुताबिक, इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के इतिहास के इस संवेदनशील अध्याय से परिचित कराना है। इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

प्रदेशभर से पहुंचे लोग

कार्यक्रम के संयोजक बोधराज सीकरी ने बताया कि राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों की स्मृतियों को सम्मान देना और उनके संघर्ष तथा साहस को नई पीढ़ी तक पहुंचाना इस आयोजन की महत्वपूर्ण कड़ी है।

प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी व्यापक तैयारियां की गई थीं। डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि आयोजन स्थल पर मंच, दर्शक दीर्घा, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश और निकास, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं।