ट्रेन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत

फरीदाबाद में ट्रेन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई। प्रवेश राखी बंधवाकर घर से निकला था, जबकि दो युवक ईयरफोन लगाकर ट्रैक पर बैठे थे।

ट्रेन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत

फरीदाबाद में ट्रेन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत
रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाकर घर से निकला था प्रवेश
दो युवक ट्रैक पर बैठकर ईयरफोन से गाने सुन रहे थे, ट्रेन की चपेट में आए


बल्लभगढ़, फरीदाबाद। फरीदाबाद में अलग-अलग घटनाओं में ट्रेन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई। पहले हादसे में बल्लभगढ़ की विष्णु कॉलोनी निवासी प्रवेश की रक्षाबंधन के दिन रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई, जबकि दूसरे हादसे में न्यू टाउन रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर बैठे दो युवक ट्रेन की चपेट में आ गए। दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

विष्णु कॉलोनी निवासी प्रवेश रक्षाबंधन के दिन अपनी बहन से राखी बंधवाकर करीब तीन बजे घर लौटा था। उसके पिता कन्हैयालाल ने बताया कि घर पहुंचने के बाद प्रवेश ने रोटी बनाने के लिए कहा। उन्होंने उसके लिए रोटी बनाई और प्रवेश ने खाना भी खाया। इसके बाद शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच वह घर से बाहर निकल गया।

परिवार को उस समय अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटे बाद उनके घर में मातम पसर जाएगा। रात में प्रवेश किसी तरह रेलवे ट्रैक तक पहुंच गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

घर से कुछ ही दूरी पर था रेलवे ट्रैक, अगले दिन मिली मौत की खबर

प्रवेश के घर से करीब 300-400 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक है। अगले दिन पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला है। उसके हाथ पर ‘प्रवेश’ लिखा हुआ था। इसके बाद परिजन सिविल अस्पताल बीके की मोर्चरी पहुंचे और शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।

जीआरपी ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बल्लभगढ़ जीआरपी चौकी के एएसआई नवल कुमार ने बताया कि सुभाष कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पर युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी। शव को सिविल अस्पताल बीके की मोर्चरी में रखवाया गया था। पहचान और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने कोई शिकायत नहीं दी है।

तीन बेटों में बीच का था प्रवेश, सवा महीने पहले मां की हुई थी मौत

प्रवेश के पिता कन्हैयालाल ने बताया कि उनके तीन बेटे थे और प्रवेश बीच का बेटा था। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। प्रवेश निजी कंपनी में काम करता था, जबकि कन्हैयालाल खुद मजदूरी करते हैं।

उन्होंने बताया कि करीब सवा महीने पहले ही उनकी पत्नी का निधन हुआ था। अब बेटे की मौत ने परिवार को दोबारा गहरे सदमे में डाल दिया है। कन्हैयालाल ने घटना को हादसा बताते हुए कहा कि इसमें किसी का हाथ नहीं है।

न्यू टाउन स्टेशन के पास दो युवकों की मौत

दूसरे हादसे में शनिवार देर शाम न्यू टाउन रेलवे स्टेशन से करीब 150 मीटर पहले कृष्णा कॉलोनी के रहने वाले दो युवक ट्रेन की चपेट में आ गए। ओल्ड फरीदाबाद जीआरपी थाने की एएसआई सुदेश कुमारी के अनुसार, मृतकों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष थी। उनकी पहचान कृष्णा और सौरव के रूप में हुई है।

दोनों युवक रेलवे ट्रैक पर बैठे हुए थे और कानों में ईयरफोन लगाकर गाने सुन रहे थे। इसी दौरान ट्रेन वहां से गुजरी। ईयरफोन के कारण दोनों ट्रेन के हॉर्न की आवाज नहीं सुन सके और ट्रेन की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार दोनों युवकों के पास से मोबाइल फोन भी मिले हैं। दोनों अविवाहित थे। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों के परिवारों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।