हरियाणा में छात्रों को बड़ी राहत, अब AC ई-बसों में भी फ्री सफर
हरियाणा में वैध रोडवेज स्टूडेंट पास वाले विद्यार्थी अब AC ई-बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। 11 जिलों की 145 ई-बसों में सुविधा मिलेगी।
➤ हरियाणा में अब AC ई-बसों में भी छात्रों का फ्री सफर
➤ वैध रोडवेज स्टूडेंट पास पर नहीं देना होगा कोई किराया
➤ 11 जिलों में चल रही 145 ई-बसों में मिलेगी सुविधा
हरियाणा में विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब हरियाणा रोडवेज के वैध स्टूडेंट बस पास वाले विद्यार्थी हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड (एचसीबीएसएल) की एसी ई-बसों में भी बिना कोई किराया दिए सफर कर सकेंगे। अभी तक विद्यार्थियों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा हरियाणा रोडवेज की सामान्य बसों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे एसी ई-बसों में भी लागू कर दिया गया है।
इस फैसले से उन विद्यार्थियों को सीधा फायदा मिलेगा, जिन्हें शहर के लोकल रूट पर आने-जाने के लिए एसी ई-बसों का इस्तेमाल करना पड़ता है। सामान्य बसों की तुलना में एसी ई-बसों का किराया अधिक होने के कारण अब तक विद्यार्थियों को इन बसों में सफर के लिए अलग से टिकट लेना पड़ता था। नए आदेश के बाद वैध पास होने पर उन्हें यह अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा।
26 अगस्त को सभी जिलों के महाप्रबंधकों को जारी हुआ आदेश
इस संबंध में एचसीबीएसएल मुख्यालय की ओर से 26 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी संबंधित जिलों के महाप्रबंधकों को आदेश जारी किया गया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि 28 मई 2026 को पानीपत में मुख्यमंत्री हरियाणा द्वारा की गई घोषणा और एचसीबीएसएल के निदेशक मंडल के अनुमोदन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
फैसले के मुताबिक जिन विद्यार्थियों के पास वैध हरियाणा रोडवेज स्टूडेंट बस पास हैं, उन्हें अब एचसीबीएसएल की ई-बसों में भी मुफ्त यात्रा की अनुमति होगी।
इस सुविधा का लाभ स्कूल, कालेज, आईटीआई, पालिटेक्निक सहित सभी मान्य शिक्षण संस्थानों के वे विद्यार्थी ले सकेंगे, जिनके पास हरियाणा रोडवेज का वैध पास है।
11 जिलों में चल रही 145 ई-बसें, पानीपत में सबसे ज्यादा
वर्तमान में प्रदेश के 11 शहरों में कुल 145 ई-बसें संचालित हो रही हैं। ये सभी बसें वातानुकूलित हैं और शहर के अंदर लोकल रूट पर चलती हैं। बसें हर स्टॉप पर रुकती हैं, जिससे शहर के अलग-अलग हिस्सों में आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलती है।
इनमें सबसे ज्यादा 45 ई-बसें पानीपत में चल रही हैं। इसके अलावा कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में भी बड़ी संख्या में ई-बसों का संचालन हो रहा है।
नए आदेश से पहले इन बसों में विद्यार्थियों का रोडवेज पास मान्य नहीं था। ऐसे में पास होने के बावजूद उन्हें एसी ई-बस में सफर करने पर टिकट लेना पड़ता था। अब पास मान्य होने के बाद विद्यार्थियों को इस अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी।
गर्मी में विद्यार्थियों को मिलेगा आरामदायक सफर
करनाल के जीएम कुलदीप सिंह ने बताया कि अब विद्यार्थियों के लिए ई-बसों में पास मान्य होने से उन्हें गर्मी से राहत मिलेगी। विद्यार्थी एसी बसों में आरामदायक सफर कर सकेंगे।
खासकर शहर के भीतर रोजाना स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने वाले विद्यार्थियों के लिए यह सुविधा उपयोगी होगी। अब उन्हें वैध रोडवेज पास के आधार पर ई-बस में यात्रा के लिए अलग से किराया नहीं देना पड़ेगा।
करनाल में 5 ई-बसें, 140 सामान्य रोडवेज बसें
करनाल की बात करें तो यहां डिपो में 140 सामान्य रोडवेज बसें संचालित हो रही हैं, जबकि शहर के अंदर 5 ई-बसें चल रही हैं।
वहीं पानीपत में 120 सामान्य बसों के साथ 45 ई-बसें संचालित हो रही हैं। ई-बसें शहर के लोकल रूट पर यात्रियों को सुविधा दे रही हैं और अब विद्यार्थियों को भी इनमें वैध पास के आधार पर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
किस डिपो में कितनी ई-बसें चल रही हैं
सरकार के निर्देशानुसार रोडवेज की ओर से प्रदेश में करीब 145 ई-बसें सेवाएं दे रही हैं। दी गई जानकारी के अनुसार पानीपत में 45, कुरुक्षेत्र में 20, यमुनानगर में 20, करनाल में 5, अंबाला में 25, रोहतक में 5, रेवाड़ी में 5, हिसार में 5, पंचकूला में 5 और सोनीपत में 10 बसें चल रही हैं।
इन बसों की संख्या आगे भी बढ़ने वाली है। ऐसे में आने वाले समय में अधिक शहरों और रूटों पर विद्यार्थियों को एसी ई-बसों में वैध रोडवेज पास के आधार पर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Akhil Mahajan