केंद्रीय स्कूल के प्रिंसिपल पर हमला, कार रुकवाकर लाठी-डंडों से किए प्रहार, बाल-बाल बचे

गुरुग्राम में PM श्री केंद्रीय स्कूल के प्रिंसिपल पर बाहरी छात्रों ने लाठी-डंडों से हमला किया। CCTV फुटेज सामने आया है। एक नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

केंद्रीय स्कूल के प्रिंसिपल पर हमला,  कार रुकवाकर लाठी-डंडों से किए प्रहार, बाल-बाल बचे
  • गुरुग्राम में PM श्री केंद्रीय स्कूल के प्रिंसिपल पर हमला, CCTV आया सामने
  • बाहरी छात्रों ने कार रुकवाकर लाठी-डंडों से किया हमला
  • एक नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार, सुरक्षा गार्ड भी घायल


PM श्री केंद्रीय विद्यालय, सेक्टर-14 के प्रिंसिपल विक्रम यादव पर हुए हमले का CCTV फुटेज सामने आ गया है। घटना उस समय हुई, जब वे स्कूल परिसर में हुए झगड़े के बाद कार से घर लौट रहे थे। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बाहरी छात्रों ने हाथ देकर उनकी गाड़ी रुकवाई और जैसे ही कार रुकी, लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

प्रिंसिपल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार दिन पहले दोपहर स्कूल के मुख्य द्वार के बाहर बाहरी असामाजिक तत्वों ने स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के साथ झगड़ा और मारपीट की थी। इसी मामले के बाद शाम करीब 4:25 बजे जब वे स्कूल से निकल रहे थे, तभी पहले से घात लगाए आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रुकने का इशारा किया।

गुरुग्राम में आरोपियों ने हाथ देकर प्रिंसिपल की कार रुकवाई थी।

शिकायत के अनुसार, गाड़ी के ब्रेक लगते ही आरोपियों ने अचानक डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गाड़ी का आगे का शीशा टूट गया, जिसके कांच के टुकड़े चेहरे और आंखों पर लगे। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रिंसिपल कार छोड़कर स्कूल परिसर में भागे, जिससे उनकी जान बच सकी।

इस हमले में स्कूल का एक सुरक्षाकर्मी भी आरोपियों की डंडों से की गई मार से घायल हुआ है। घटना के बाद स्कूल स्टाफ और अभिभावकों में भारी रोष देखने को मिला।

पुलिस ने मामले में एक नाबालिग और उसके साथी सुंदर (उम्र 37 वर्ष) निवासी गांव भगवतीपुर, लाखनमाजरा, रोहतक को गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में राजीव नगर, गुरुग्राम में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी सुंदर ने बताया कि उसका भतीजा इसी केंद्रीय विद्यालय में पढ़ता है और उसका सहपाठियों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उसने अपने दूसरे भतीजे और उसके दोस्तों के साथ मिलकर प्रिंसिपल पर हमला किया और कार का शीशा तोड़ दिया

पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है और नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।