गुरुग्राम अस्पताल में सनसनीखेज एसिड अटैक, पति की एक्स गर्लफ्रेंड समझकर दूसरी महिला पर फेंका तेजाब कपड़ों के भ्रम में हुई बड़ी वारदात, बदले की आग में निर्दोष महिला झुलसी
गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में हुए एसिड अटैक मामले में खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला अपने पति की एक्स गर्लफ्रेंड को निशाना बनाने आई थी, लेकिन कपड़ों की समानता के कारण उसने गलती से दूसरी महिला पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
■ पति की एक्स गर्लफ्रेंड को निशाना बनाने आई थी महिला, कपड़ों की समानता से गलत महिला पर फेंका एसिड
■ गुरुग्राम सिविल अस्पताल में हुई वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई आरोपी महिला
■ पुलिस ने आरोपी साक्षी को गिरफ्तार किया, पीड़िता को रोहतक PGI से इलाज के बाद मिली छुट्टी
हरियाणा के गुरुग्राम सिविल अस्पताल में हुए एसिड अटैक के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि हमलावर महिला अपने पति की एक्स गर्लफ्रेंड को सबक सिखाने के लिए अस्पताल पहुंची थी, लेकिन कपड़ों की समानता के कारण उसने गलती से दूसरी महिला पर एसिड फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पीड़िता को रोहतक पीजीआईएमएस से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान साक्षी (25) के रूप में हुई है, जो रेवाड़ी जिले के पातूहेड़ा गांव की रहने वाली है। पूछताछ में साक्षी ने बताया कि उसके पति की एक युवती के साथ पहले प्रेम संबंध थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। जब उसे पता चला कि वह युवती गुरुग्राम के जिला नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती है, तो वह उसे सबक सिखाने के इरादे से टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब लेकर अस्पताल पहुंच गई।
दरअसल, उसी समय अस्पताल में पश्चिम बंगाल मूल की एक 30 वर्षीय महिला भी मौजूद थी, जो अपने लिव-इन पार्टनर पवन के साथ विवाद और मारपीट के बाद मेडिकल जांच के लिए अस्पताल आई हुई थी। इत्तेफाक से अस्पताल की कुर्सियों पर बैठी दोनों महिलाओं ने एक ही रंग के कपड़े और चुन्नी पहन रखी थी।
आरोपी साक्षी ने कपड़ों के भ्रम में गलत महिला को अपनी पति की एक्स गर्लफ्रेंड समझ लिया और उस पर तेजाब फेंक दिया। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गई। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिस महिला पर तेजाब फेंका गया, वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और पिछले चार साल से गुरुग्राम में रह रही थी। वह सेक्टर-72 में अपने लिव-इन पार्टनर पवन के साथ रहती थी। रविवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ था और पवन ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद वह इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंची थी।
पुलिस ने मारपीट के इस मामले में पीड़िता के लिव-इन पार्टनर पवन को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान रेवाड़ी के जैनाबाद निवासी पवन के रूप में हुई है।
वहीं अस्पताल में भर्ती नूंह जिले की रहने वाली युवती, जिसे आरोपी साक्षी निशाना बनाना चाहती थी, ने पुलिस को बताया कि साक्षी उसके पूर्व प्रेमी सचिन की पत्नी है। सचिन के साथ उसकी करीब तीन साल पहले दोस्ती हुई थी, लेकिन डेढ़ साल पहले उसे पता चला कि वह शादीशुदा है और एक बेटी का पिता भी है। इसके बाद उसने तुरंत उससे रिश्ता खत्म कर लिया।
युवती का आरोप है कि इसके बावजूद सचिन की पत्नी साक्षी उसे लगातार बदनाम करने की कोशिश कर रही थी और सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ पोस्ट डालती रहती थी। रविवार को जब वह अपनी मौसी से मिलने सुभाष नगर आई थी, तब साक्षी ने उसके साथ मारपीट भी की थी। बाद में जब वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंची, तो साक्षी वहां तेजाब लेकर पहुंच गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती ने पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटो के आधार पर एसिड फेंकने वाली महिला की पहचान साक्षी के रूप में कर दी है।
मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को अस्पताल में एक महिला पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि जिस महिला पर एसिड अटैक हुआ था, उसे इलाज के बाद रोहतक पीजीआईएमएस से डिस्चार्ज कर दिया गया है और वह अब खतरे से बाहर है। इस मामले में बादशाहपुर थाने में मारपीट का केस और सेक्टर-10A थाने में एसिड अटैक का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अस्पताल में भर्ती दूसरी युवती से भी पूछताछ कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
shubham