गाय से टकराकर कारोबारी की मौ*त, VIDEO: 15 फीट दूर जा गिरा, एक साल पहले हुई थी शादी

फरीदाबाद के NIT-3 में सड़क पर बैठी गाय से टकराकर 36 वर्षीय कारोबारी आशु खत्री की मौत हो गई। हादसे का VIDEO सामने आया है। परिजनों ने आवारा पशुओं को लेकर नगर निगम पर सवाल उठाए हैं।

गाय से टकराकर कारोबारी की मौ*त, VIDEO: 15 फीट दूर जा गिरा, एक साल पहले हुई थी शादी

गाय से टकराकर स्कूटी सवार कारोबारी की मौत
टक्कर के बाद करीब 15 फीट दूर जा गिरा, वीडियो आया सामने
एक साल पहले हुई थी शादी, परिजनों ने नगर निगम पर उठाए सवाल

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में सड़क पर बैठी गाय से टकराने के बाद स्कूटी सवार कारोबारी की मौत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर लगते ही कारोबारी स्कूटी समेत करीब 15 फीट दूर जाकर गिरा। हादसे का 21 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर गाय और स्कूटी सवार के बीच टक्कर होती दिखाई दे रही है।

मृतक की पहचान आशु खत्री (36) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, आशु की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। वह पिछले करीब आठ साल से बाइक और स्कूटी खरीदने-बेचने का काम करते थे।

सुबह करीब 4 बजे हुआ हादसा

हादसा NIT-3 इलाके में सुबह करीब 4 बजे हुआ। आशु रात को अपने दोस्त के घर गए थे। वहां से स्कूटी पर वापस अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान सड़क के बीच बैठी गाय से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही आशु कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर गए। हादसे में गाय भी टक्कर लगने के बाद कई फीट दूर जा गिरी।

परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद आशु घायल हालत में सड़क पर पड़े रहे। करीब एक घंटे बाद आसपास के लोगों ने उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बीके अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय ही आशु ने दम तोड़ दिया।

फरीदाबाद में बीच सड़क बैठी गाय से टकराकर कारोबारी कई फीट दूर जाकर गिरा, इनसेट में फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

वीडियो में दिखा हादसे का पूरा घटनाक्रम

हादसे से जुड़ा करीब 21 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें आशु NIT-3 रोड से स्कूटी पर आते हुए दिखाई दे रहे हैं। सड़क के किनारे एक गाय थी, जबकि दूसरी गाय सड़क के बीच में बैठी हुई थी।

वीडियो में दिखाई देता है कि सड़क पर अंधेरा था। आशु आगे बढ़ रहे थे। जैसे ही उनकी नजर सड़क पर बैठी गाय पर पड़ी, उन्होंने ब्रेक लगाने की कोशिश की।

हालांकि, स्कूटी समय पर नहीं रुक सकी और गाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशु स्कूटी के साथ उछलकर कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे।

टक्कर के बाद गाय भी सड़क पर गिर गई। कुछ सेकेंड बाद वह उठकर वहां से चली गई, जबकि आशु सड़क पर घायल हालत में पड़े रहे।

हादसे में आशु की स्कूटी का वाइजर भी टूट गया।

बड़े भाई, पत्नी और माता-पिता के साथ रहते थे

आशु खत्री NIT-5 इलाके में अपने बड़े भाई, पत्नी और माता-पिता के साथ रहते थे। उनके चाचा अशोक खत्री ने बताया कि आशु करीब आठ साल से बाइक और स्कूटी खरीदने-बेचने का काम कर रहे थे।

परिवार में उनकी मौत के बाद मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि यदि सड़क से आवारा पशुओं को हटाने की व्यवस्था होती तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

परिजनों ने नगर निगम को ठहराया जिम्मेदार

आशु के चचेरे भाई राजन खत्री ने हादसे के लिए नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क पर आवारा पशुओं के घूमने और बैठने के बावजूद उन्हें हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

परिजनों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारी अगर समय रहते रास्तों से आवारा पशुओं को हटाते तो आशु आज जिंदा होते।

निगम अधिकारी बोले- कर्मचारी हड़ताल पर

मामले में नगर निगम के म्यूनिसिपल हेल्थ ऑफिसर नितेश परमार ने कहा कि कर्मचारियों के हड़ताल पर होने के कारण आवारा पशुओं को पकड़ने में दिक्कत आ रही है।

उन्होंने बताया कि पशुओं को पकड़ने के लिए वाहनों की संख्या भी बढ़ाई गई है। निगम की ओर से आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

एक्सीडेंट में आशु की स्कूटी का वाइजर टूट गया।

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

सेक्टर-3 चौकी प्रभारी मनोज ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हादसे का वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर आवारा पशुओं की मौजूदगी और उनकी वजह से होने वाले हादसों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फरीदाबाद में इस घटना ने सड़क सुरक्षा के साथ-साथ आवारा पशुओं की समस्या पर भी गंभीर बहस छेड़ दी है।