क्रिकेट मैच देखकर निकले युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्*या; साथी को 3 गोलियां लगीं
हिसार में क्रिकेट मैच देखकर निकले दो युवकों पर तीन नकाबपोशों ने फायरिंग की। शराब ठेकेदार नरेश की मौत हुई, जबकि साथी धर्मबीर तीन गोलियां लगने से घायल हुआ।
➤ कैमरी रोड पर तीन नकाबपोशों ने घेरकर युवकों पर की फायरिंग
➤ शराब ठेकेदार नरेश की मौत, साथी धर्मबीर 3 गोलियां लगने से घायल
➤ पुलिस को गैंगवार या पुरानी रंजिश का शक, हमलावरों की तलाश जारी
हरियाणा के हिसार में कैमरी रोड स्थित बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड के बाहर रविवार रात करीब 11:45 बजे सनसनीखेज वारदात सामने आई। क्रिकेट मैच देखकर बाहर निकले दो युवकों को बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में शराब ठेकेदार नरेश की मौत हो गई, जबकि उसका साथी धर्मबीर निवासी बयाना खेड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। धर्मबीर को 3 गोलियां लगी हैं, जिनमें से 2 गोलियां शरीर के आर-पार निकल गईं। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में घटना को गैंगवार या पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
मैच खत्म होने के बाद बाहर निकले थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, नरेश अपने दोस्त धर्मबीर के साथ कैमरी रोड स्थित बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड में क्रिकेट मैच देखने गया था। मैच खत्म होने के बाद दोनों युवक वहां से बाहर निकले। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने दोनों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। लगातार गोलियां चलने से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
नरेश की मौत, धर्मबीर गंभीर रूप से घायल
फायरिंग में नरेश और धर्मबीर दोनों घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों और अन्य लोगों की मदद से दोनों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं धर्मबीर का इलाज किया जा रहा है।
धर्मबीर को कुल 3 गोलियां लगी हैं। इनमें से 2 गोलियां शरीर के आर-पार निकल गईं। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
नरेश शराब ठेके और क्रिकेट ग्राउंड में कैंटीन चलाता था
मृतक नरेश गांव हरिता का रहने वाला था। वह पार्किंग, शराब ठेके और क्रिकेट ग्राउंड में कैंटीन चलाने का काम करता था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नरेश के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई संगीन मामले दर्ज थे।
इसी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस वारदात के पीछे गैंगवार या पुरानी रंजिश की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Akhil Mahajan