13 साल के बच्चे की हत्या, 15 वर्षीय किशोर ने छाती में मारा चाकू; खेलते समय धक्का देने पर हुआ विवाद
फरीदाबाद के सेक्टर-56 में खेलते समय धक्का देने पर विवाद हुआ। आरोप है कि 15 वर्षीय किशोर ने 13 वर्षीय कन्नू की छाती में चाकू मार दिया।
➤ खेलते समय धक्का देने पर दोनों बच्चों में हुई कहासुनी
➤ 15 वर्षीय किशोर ने 13 वर्षीय कन्नू की छाती में चाकू मारा
➤ वारदात के बाद आरोपी चाकू लेकर मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
फरीदाबाद के सेक्टर-56 आशियाना फ्लैट में खेलते समय हुए मामूली विवाद ने एक 13 वर्षीय बच्चे की जान ले ली। रविवार शाम घर के बाहर अपनी एक साल की छोटी बहन के साथ खेल रहे कन्नू के पास ब्लॉक-13 में रहने वाला 15 वर्षीय किशोर आया। दोनों साथ खेलने लगे। इसी दौरान धक्का-मुक्की को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर किशोर ने कन्नू की छाती में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल कन्नू को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी चाकू लेकर मौके से फरार हो गया। मामले में सेक्टर-58 थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, कन्नू अपने परिवार के साथ सेक्टर-56 आशियाना फ्लैट के ब्लॉक नंबर-14 में रहता था। रविवार शाम करीब 7 बजे वह घर के बाहर अपनी एक साल की बहन चाहत के साथ खेल रहा था। इसी दौरान ब्लॉक नंबर-13 में रहने वाला 15 वर्षीय किशोर वहां आया। दोनों एक-दूसरे को जानते थे और साथ खेलने लगे।
परिजनों के अनुसार, खेलते समय दोनों बच्चों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इसी विवाद के बाद आरोपी किशोर ने कन्नू की छाती में चाकू मार दिया। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। परिजनों का कहना है कि आरोपी अक्सर वहां खेलने के लिए आता था और इसी वजह से दोनों बच्चों के बीच दोस्ती हुई थी। दोनों के तीसरी कक्षा में पढ़ने की बात भी सामने आई है।
कन्नू के चाचा इकबाल ने बताया कि घटना की जानकारी पड़ोसियों ने फोन करके दी। इसके बाद वह ब्लॉक नंबर-7 से मौके पर पहुंचे। कन्नू को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखा गया है।
कन्नू के पिता यामिन मूल रूप से अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। परिवार करीब पांच साल पहले सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट में रहने आया था। यामिन कबाड़ की फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। कन्नू से बड़ा उनका बेटा आमिर है, जिसकी शादी दिवाली के बाद होने वाली है। कन्नू की एक छोटी बहन भी है, जिसकी उम्र करीब एक साल बताई गई है।
सेक्टर-58 थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत मिली है। बच्चे की छाती में चाकू लगने से मौत हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वारदात से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
Akhil Mahajan