हरियाणा में AAP नेता और व्‍यापार मंडल अध्‍यक्ष गिरफ्तार, जमीन घोटाले का आरोप

फरीदाबाद में AAP नेता अमन गोयल को जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेज बनाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता को कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक राहत मिली।

हरियाणा में AAP नेता और व्‍यापार मंडल अध्‍यक्ष  गिरफ्तार, जमीन घोटाले का आरोप

फरीदाबाद में AAP व्यापार मंडल अध्यक्ष अमन गोयल गिरफ्तार
जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप
दिल्ली की पीड़िता को कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक मिली जीत


हरियाणा के फरीदाबाद में सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी के व्यापार मंडल अध्यक्ष अमन गोयल को जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले की गहन जांच की जा सके।

पुलिस के अनुसार यह मामला सेक्टर-35 स्थित प्लॉट नंबर 71 से जुड़ा हुआ है, जिस पर लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली निवासी माला शर्मा ने यह प्लॉट खरीदा था, लेकिन कुछ समय बाद उसी प्लॉट को मूल मालिक ने अमन गोयल को भी बेच दिया। इसी दौरान प्लॉट मालिक की मौत हो गई, जिससे विवाद और गहरा गया।

जांच में सामने आया कि माला शर्मा के पास प्लॉट की ऑरिजनल रजिस्ट्री मौजूद थी, जबकि अमन गोयल को केवल सर्टिफाइड कॉपी के आधार पर जमीन बेची गई थी। इसके बावजूद आरोपी ने प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश की। मामला कोर्ट तक पहुंचा, जहां सेशन कोर्ट, हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट—तीनों जगहों से फैसला माला शर्मा के पक्ष में आया।

इसके बावजूद आरोप है कि अमन गोयल ने कब्जा करने के उद्देश्य से करीब दो महीने पहले अपने एक दोस्त जितेंद्र पारासर के नाम पर पुरानी तारीख दिखाकर फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया। पुलिस जांच में सामने आया कि एग्रीमेंट 2024 का बनाया गया, लेकिन उसमें कार्रवाई 2023 की दर्शाई गई थी, जो संदेह के घेरे में आ गया।

थाना इंचार्ज राकेश के मुताबिक, पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। साथ ही, इस मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।