कोहरे की मार, दिल्ली एयरपोर्ट पर 66 उड़ानें रद्द कम दृश्यता से हवाई यातायात प्रभावित

दिल्ली एयरपोर्ट पर घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण 66 उड़ानें रद्द की गईं। DGCA ने 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक फॉग विंडो घोषित की है।

कोहरे की मार, दिल्ली एयरपोर्ट पर 66 उड़ानें रद्द  कम दृश्यता से हवाई यातायात प्रभावित
  • घने कोहरे के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर 66 फ्लाइट्स रद्द
  • आने वाली 32 और जाने वाली 34 उड़ानें प्रभावित
  • DGCA ने 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक फॉग विंडो घोषित


नई दिल्ली। घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के कारण शुक्रवार 2 जनवरी 2026 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। कोहरे की वजह से कुल 66 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, रद्द की गई उड़ानों में 32 आगमन फ्लाइट्स और 34 प्रस्थान फ्लाइट्स शामिल हैं। सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो जाने के कारण एयरलाइंस को एहतियातन यह फैसला लेना पड़ा।

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इस सर्दी के मौसम में 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक की अवधि को आधिकारिक फॉग विंडो घोषित किया है। इस दौरान कोहरे के चलते उड़ानों पर असर पड़ने की संभावना सबसे अधिक रहती है।

DGCA के दिशा-निर्देशों के तहत, एयरलाइंस को कोहरे के समय लो-विजिबिलिटी ऑपरेशन में प्रशिक्षित पायलटों की तैनाती अनिवार्य रूप से करनी होती है। इसके साथ ही, CAT-IIIB मानकों पर खरे उतरने वाले विमान ही ऐसे हालात में उड़ान और लैंडिंग के लिए उपयोग किए जाते हैं।

कैटेगरी-III नेविगेशन सिस्टम की मदद से विमान घने कोहरे में भी सुरक्षित लैंडिंग कर सकते हैं। CAT-III-A सिस्टम के तहत विमान 200 मीटर रनवे विजिबिलिटी में उतर सकते हैं, जबकि CAT-III-B सिस्टम की मदद से 50 मीटर से कम विजिबिलिटी में भी लैंडिंग संभव होती है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे उड़ानों पर आगे भी असर पड़ने की आशंका है।