होटल बिलास में अंधाधुंध फायरिंग से 5 की मौत, मौके पर पहुंची पुलिस
गुवाहाटी के उलुबारी स्थित होटल बिलास में अंधाधुंध फायरिंग से चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश और घटना की जांच कर रही है।
➤ उलुबारी इलाके के होटल में हुई कई राउंड फायरिंग
➤ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू किया तलाशी अभियान
➤ फायरिंग की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी पुलिस
असम की राजधानी गुवाहाटी के उलुबारी इलाके में स्थित होटल बिलास में हुई अंधाधुंध गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी में घटना में कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की बात सामने आई है, हालांकि मौतों की संख्या को लेकर उपलब्ध जानकारी में अंतर है। गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंता ने चार लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, चार शव बरामद किए गए हैं और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है।
बताया गया है कि होटल में हमलावर ने कई राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। जब कुछ लोगों ने बीच-बचाव करते हुए बंदूकधारी को रोकने की कोशिश की, तो वे भी फायरिंग की चपेट में आ गए। घायलों में होटल के कुछ कर्मचारी भी शामिल बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कई पुलिस थानों की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी किस वजह से हुई और इसके पीछे क्या विवाद या कारण था।
पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंता ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस को चार शव मिले हैं और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस जल्द ही घटना में शामिल दोषियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, होटल की मूल मालिक हेलेना भराली हैं और उन्होंने यह संपत्ति अलग-अलग लोगों को लीज पर दे रखी है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोलीबारी में कौन-कौन लोग शामिल थे।
फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच और आगे सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही गोलीबारी के कारण और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्थिति साफ हो सकेगी।
Akhil Mahajan