मकर सक्रांति के दिन शराब पी, एक की मौत, पांच गंभीर, लोगों का आरोप- ठेके से खरीदी शराब
भिवानी में ठेके के पास एक युवक की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य की हालत गंभीर है। ग्रामीणों ने जहरीली शराब पीने का आरोप लगाया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग जांच में जुटे हैं।
- भिवानी में ठेके के पास एक व्यक्ति की मौत, 5 अन्य की हालत गंभीर
- ग्रामीणों का आरोप- गांव के ठेके से खरीदी जहरीली शराब पी
- पुलिस जांच में जुटी, सैंपल लेकर पोस्टमॉर्टम की तैयारी
हरियाणा के भिवानी जिले में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के ठेके के पास एक व्यक्ति की लाश मिली और उसके पास ही 4 से 5 अन्य लोग बेसुध हालत में पड़े मिले। सभी को तुरंत भिवानी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, सभी युवकों ने गांव के ठेके से शराब खरीदकर वहीं बैठकर पी थी। शराब पीने के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सूचना मिलने पर बवानीखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की गई।
मृतक की पहचान गांव जाटू लोहारी निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है। वहीं हरकेश, अनिल, सुदेश उर्फ कालू, कृष्ण और अर्जुन की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी का इलाज सिविल अस्पताल भिवानी में चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
CMO रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि अस्पताल में कुल 6 मरीज लाए गए, जिनमें से एक ब्रॉड डेड था। मरीजों ने बताया कि उन्होंने कोई लिक्विड पदार्थ पिया था, जिसके बाद वे नशे की हालत में आ गए। सभी की मेडिकल लीगल रिपोर्ट बनाई जा रही है और सैंपल लेने के लिए टीम गठित की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी गांव में इस ठेके को लेकर शिकायतें होती रही हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत और तबीयत बिगड़ने के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रशासन और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan