‘वेलकम टू द जंगल’ से पहले वैष्णो देवी पहुंचे अक्षय कुमार, लिया माता का आशीर्वाद

अक्षय कुमार अपनी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज से पहले माता वैष्णो देवी के दरबार पहुंचे। अभिनेता ने पूजा-अर्चना कर फिल्म की सफलता का आशीर्वाद लिया।

‘वेलकम टू द जंगल’ से पहले वैष्णो देवी पहुंचे अक्षय कुमार, लिया माता का आशीर्वाद

फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज से पहले वैष्णो देवी पहुंचे अक्षय कुमार

माता के दरबार में माथा टेककर लिया आशीर्वाद, फैंस ने घेरकर ली सेल्फी

26 जून को रिलीज होगी मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी आगामी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज से पहले माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे। अभिनेता ने त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन कर माता रानी का आशीर्वाद लिया। उनकी यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

मंदिर परिसर में अक्षय कुमार को देखते ही श्रद्धालुओं और फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। कई प्रशंसक उनके साथ सेल्फी लेने और एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। इस दौरान अभिनेता पारंपरिक सफेद कुर्ता-पायजामा पहने दिखाई दिए।

अधिकारियों के अनुसार मंदिर में दर्शन करने से पहले अक्षय कुमार यात्रा के बेस कैंप कटरा पहुंचे थे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग रास्तों और मंदिर परिसर में अभिनेता को देखने के लिए एकत्र हो गए।

जानकारी के मुताबिक अक्षय कुमार ने पवित्र गुफा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और कुछ समय तक धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। दर्शन के बाद उन्होंने माता रानी का आशीर्वाद लेकर अपनी आगामी फिल्म की सफलता की कामना की।

अक्षय कुमार इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म लोकप्रिय ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी का नया भाग है, जिसका निर्देशन अहमद खान ने किया है।

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी बड़ी स्टारकास्ट है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी और जैकी श्रॉफ समेत कुल 34 कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

कॉमेडी और मनोरंजन से भरपूर यह फिल्म 26 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह देखा जा रहा है।