पति को मारकर बाथरूम में दफनाया, फिर करवा दिया फर्श, 45 दिन बाद हुआ चौंकाने वाला खुलासा
आगरा के सिकंदरा में डेढ़ महीने से लापता युवक का कंकाल घर के बाथरूम के नीचे से बरामद हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।
➤ डेढ़ महीने से लापता युवक का कंकाल घर के बाथरूम के नीचे मिला
➤ पत्नी के कथित खुलासे के बाद पुलिस ने खुदाई कर बरामद किया शव
➤ फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब डेढ़ महीने से लापता चल रहे सुरेंद्र का कंकाल उसके ही घर के बाथरूम के फर्श के नीचे से बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार यह बरामदगी तब हुई, जब मृतक की पत्नी रूबी ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर बाथरूम के नीचे शव दबे होने की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को सुरेंद्र की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य तकनीकी माध्यमों से तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मामले में नया मोड़ तब आया, जब मृतक के भाई अनिल शर्मा ने लगातार सुरेंद्र के बारे में जानकारी मांगी। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद पत्नी ने कथित रूप से बताया कि शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाया गया था और बाद में उस स्थान पर प्लास्टर करा दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का फर्श खुदवाया। खुदाई के दौरान वहां से मानव कंकाल बरामद हुआ, जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल इन जानकारियों के आधार पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। मामले के हर पहलू की वैज्ञानिक और कानूनी तरीके से जांच की जा रही है।
एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सुरेंद्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan