डबवाली मंडी में विधायक का अनोखा प्रदर्शन, ऊंट-रेहड़ी में गेहूं लाकर सरकार पर साधा निशाना
डबवाली में INLD विधायक आदित्य देवीलाल ने ऊंट-रेहड़ी में गेहूं लाकर अनोखा प्रदर्शन किया और बायोमेट्रिक नियमों पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा।
➤ विधायक आदित्य देवीलाल ऊंट-रेहड़ी में गेहूं लेकर पहुंचे मंडी
➤ बायोमेट्रिक और नंबर प्लेट नियमों पर उठाए सवाल
➤ किसानों-मजदूरों की परेशानी को लेकर सरकार को घेरा
चंडीगढ़/डबवाली। हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर अलग अंदाज देखने को मिला, जब आदित्य देवीलाल ने किसानों के मुद्दे को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली की बजाय ऊंट-रेहड़ी में गेहूं भरकर डबवाली अनाज मंडी पहुंचकर प्रशासन और सरकार को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया।
मंडी में पहुंचकर विधायक ने अधिकारियों से सवाल किया कि अगर किसान ट्रैक्टर का उपयोग करते हैं तो पारंपरिक साधन जैसे रेहड़ी को क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक नंबर प्लेट जैसे नए नियमों के कारण किसानों और मजदूरों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इनेलो विधायक ने साफ तौर पर कहा कि सरकार द्वारा लागू किए गए नियम जमीनी हकीकत से दूर हैं और किसानों की समस्याओं को समझे बिना बनाए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से ऊंट-रेहड़ी का भी बायोमेट्रिक और नंबर प्लेट करने की मांग करते हुए व्यवस्था पर सवाल उठाए।
बताया गया कि इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) लगातार मंडियों में किसानों और मजदूरों की मदद के लिए बूथ लगाकर पुराने तरीके से फसल बेचने में सहयोग कर रही है। विधायक का यह कदम भी उसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
मंडी में मौजूद अधिकारियों पर इस प्रदर्शन का असर भी देखने को मिला। सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
गौरतलब है कि आदित्य देवीलाल पहले भी अपने अलग अंदाज के लिए चर्चा में रहे हैं। इससे पहले वह अधिकारियों को समझाने के लिए भेड़ों को हांककर नगर परिषद कार्यालय तक ले गए थे। इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. सीताराम समेत पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
Akhil Mahajan