बच्चे की टाई से पैर बांधकर टीचर ने छात्र को लोहे के स्केल से बेरहमी से पीटा! मदद मांगने पर भी स्टाफ ने नहीं सुनी

हरियाणा के नूंह में एक निजी स्कूल के शिक्षक ने छात्र जैद को लोहे के स्केल से बेरहमी से पीटा और टाई से पैर बांध दिए। बच्चे को मदद नहीं मिली और स्कूल ने मामला दबाने की कोशिश की। शिक्षक को नौकरी से निकाल दिया गया है, लेकिन परिवार जल्द ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगा।

बच्चे की टाई से पैर बांधकर टीचर ने छात्र को लोहे के स्केल से बेरहमी से पीटा! मदद मांगने पर भी स्टाफ ने नहीं सुनी

➤ नूंह के स्कूल में टीचर ने छात्र को लोहे के स्केल से बेरहमी से पीटा

➤ बच्चे की टाई से पैर बांधे, मदद मांगने पर भी स्टाफ ने नहीं सुनी

➤ शिक्षक को नौकरी से निकाला गया, जल्द पुलिस शिकायत होगी


हरियाणा के नूंह जिले के ए‍क निजी स्‍कूल से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ एक शिक्षक ने मासूम छात्र जैद को अमानवीय तरीके से बेरहमी से पीटा। छात्र के परिजनों ने स्कूल के शिक्षक पर आरोप लगाया है कि शिक्षक ने न केवल जैद को लोहे के स्केल से पीटा, बल्कि क्रूरता की हद पार करते हुए उसके पैर टाई से बांध दिए और उसके ऊपर बैठकर भी मारपीट की। छात्र के गाल और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान हैं, जिन्हें तस्वीरों में देखा जा सकता है।

अपनी चोटें दिखाता छात्र जैद।

पीड़ित छात्र के परिजनों का सबसे बड़ा आरोप यह है कि जब जैद ने स्कूल स्टाफ से मदद की गुहार लगाई और घर पर फोन करने की अनुमति मांगी, तो किसी ने उसकी एक नहीं सुनी और उसकी बात को अनसुना कर दिया गया। घायल छात्र के चचेरे भाई अरमान ने बताया कि वह अन्य अध्यापकों के पास मदद के लिए पहुंचा, लेकिन उन्होंने कोई मदद नहीं की।

नूंह के सारिखा इंटरनेशनल स्कूल में हुई बच्चे के साथ मारपीट।

घटना की जानकारी तब सामने आई जब छात्र की फूफी (बुआ) स्कूल में मिलने पहुंचीं। उन्होंने जैद के चेहरे पर चोट के निशान देखे और पूछताछ की, जिसके बाद बच्चा फूट-फूटकर रोने लगा और उसने पूरी घटना का खुलासा किया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने इस संवेदनशील मामले को दबाने की कोशिश की। परिवार ने यह भी बताया कि दाखिला लेते समय स्कूल ने उनसे 40,000 रुपए फीस ली थी। परिवार ने दृढ़ता से कहा है कि यह केवल उनके बच्चे का मामला नहीं है, बल्कि भविष्य में किसी और बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो, इसलिए प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। फिलहाल परिजनों ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन उन्होंने जल्द ही मेडिकल करवाकर शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।

पैरों की चोट दिखाता छात्र जैद।

इस बीच, स्कूल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को नौकरी से हटा दिया है। इस मामले पर फिरोजपुर झिरका के खंड शिक्षा अधिकारी चरण देव ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में सोशल मीडिया के माध्यम से आया है। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन से बातचीत की गई है, जिन्होंने पुष्टि की है कि शिक्षक को हटा दिया गया है। अधिकारी चरण देव ने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग को अब तक कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने जानकारी दी कि घटना की जांच के लिए मंगलवार को स्कूल का निरीक्षण किया जाएगा।