ASI बनकर चालान से बचता रहा दीपक और फिर इस तरह खुली पोल
फरीदाबाद में खुद को ASI बताकर रौब जमाने वाले युवक को पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से नकली आई-कार्ड और पुलिस स्टिकर बरामद हुए।
➤ फर्जी ASI बनकर दिखाता था रौब
➤ वाहन चेकिंग में पकड़ा गया आरोपी
➤ नकली आई-कार्ड और पुलिस स्टिकर बरामद
जिला पुलिस ने खुद को हरियाणा पुलिस का ASI बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले एक फर्जी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव अंखीर निवासी दीपक के रूप में हुई है। उसे पुलिस चौकी सेक्टर-19 की टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा। तलाशी में उसके पास से हरियाणा पुलिस के सिपाही का नकली आई-कार्ड बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
सबसे अहम बात यह सामने आई कि आरोपी लंबे समय से पुलिस का रौब दिखाकर ट्रैफिक चालान से बचता रहा था। वह खुद को ASI बताता था, जबकि उसके पास जो पहचान पत्र था, वह सिपाही के नाम का और पूरी तरह नकली निकला। इतना ही नहीं, उसने अपनी ऑल्टो कार के आगे-पीछे पुलिस के स्टिकर लगा रखे थे ताकि आम लोग और ट्रैफिक कर्मी उसे असली पुलिसकर्मी समझें। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि वह इसी तरीके से कई बार जांच से बच निकला था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बडखल चौक पर ट्रैफिक पुलिस की टीम नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ऑल्टो कार को रोका गया। चालक से दस्तावेज मांगे गए तो उसने खुद को हरियाणा पुलिस का ASI बताया। पहचान पत्र दिखाने को कहा गया तो वह घबरा गया। जब कार्ड की जांच की गई तो वह संदिग्ध लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर सच्चाई सामने आ गई।
जांच में पाया गया कि दिखाया गया आई-कार्ड पूरी तरह फर्जी था। आरोपी पुलिस का नाम लेकर चालान से बचने की कोशिश करता था। थाना ओल्ड में होमगार्ड की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से इस तरह की हरकत कर रहा था और क्या वह किसी अन्य ठगी या आपराधिक वारदात में भी शामिल रहा है।
Akhil Mahajan