धुरंधर का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, दो दिन में 58 करोड़ का कलेक्शन
रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार कमाई करते हुए दो दिन में 58 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे दिन दर्शकों की भीड़ बढ़ी, वीकेंड में 90 करोड़ पार होने की उम्मीद।
-
बॉक्स ऑफिस पर धमाका, धुरंधर ने दो दिन में 58 करोड़ का नेट कलेक्शन किया
-
दूसरे दिन कलेक्शन में बड़ा उछाल, दर्शकों की Positive Word of Mouth से मिला फायदा
-
ओपनिंग वीकेंड में 90 करोड़ के पार जाने की उम्मीद
रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दिन भी बेहतरीन कमाई दर्ज की है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 27 करोड़ नेट कमाए थे। वहीं शनिवार को दर्शकों के सकारात्मक रिव्यू और बढ़ती ऑडियंस की संख्या ने कलेक्शन को नई ऊंचाई दी। फिल्म ने दूसरे दिन 31 करोड़ की कमाई की।
शो ऑक्यूपेंसी में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। शुक्रवार की तुलना में शनिवार सुबह का शो ऑक्यूपेंसी 15% से बढ़कर 18%, जबकि दोपहर का ऑक्यूपेंसी 28% से बढ़कर 35% तक पहुंच गया। कलेक्शन आंकड़ों के अनुसार, फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 58 करोड़ हो चुका है।
फिल्म धुरंधर ने अनेक ट्रेड एनालिस्ट्स को चौंका दिया है क्योंकि यह उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया और सोशल मीडिया पर तेज चर्चा की वजह से फिल्म का वर्ड ऑफ माउथ मजबूत बना हुआ है। अगर यह रफ्तार जारी रहती है तो यह फिल्म ओपनिंग वीकेंड में 90 करोड़ नेट से ज्यादा की कमाई आसानी से पार कर सकती है।
रणवीर सिंह की यह फिल्म अब तक उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्म बन चुकी है, जिसने सिम्बा और पद्मावत को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा फिल्म ने मात्र दो दिनों में ही सर्कस जैसी पिछली फिल्म की लाइफटाइम कमाई 35.80 करोड़ को भी पार कर लिया है।
गौरतलब है कि धुरंधर एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है, जो पाकिस्तान की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें रणवीर सिंह एक भारतीय एजेंट की भूमिका निभा रहे हैं, जो लियारी गैंग्स में घुसपैठ करते हैं। फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है और इसमें अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी प्रमुख भूमिकाओं में शामिल हैं।
Author1