विनेश फोगाट ने खुद को बृजभूषण मामले की 6 पीड़ितों में से एक बताया

विनेश फोगाट ने वीडियो जारी कर खुद को बृजभूषण मामले की 6 पीड़ितों में से एक बताया। उन्होंने कुश्ती महासंघ और सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए।

विनेश फोगाट ने खुद को बृजभूषण मामले की 6 पीड़ितों में से एक बताया

■ विनेश फोगाट ने खुद को बृजभूषण मामले की 6 पीड़ितों में से एक बताया

■ सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कुश्ती महासंघ और सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

■ गोंडा में होने वाले टूर्नामेंट को लेकर सुरक्षा और निष्पक्षता पर उठाए सवाल

भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने एक बार फिर पूर्व कुश्ती महासंघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जंतर-मंतर पर हुए पहलवान आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहीं विनेश ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर कहा कि वह उन 6 महिला पहलवानों में से एक हैं जिन्होंने बृजभूषण के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी।

विनेश ने कहा कि अब तक उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस और अपने सम्मान को ध्यान में रखते हुए अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं की थी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें यह सच सामने लाना पड़ा। उन्होंने कहा कि मामला अभी कोर्ट में लंबित है और गवाहियां चल रही हैं।

वीडियो में विनेश ने बताया कि करीब डेढ़ साल बाद उन्होंने फिर से कुश्ती की तैयारी शुरू की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में घोषित रैंकिंग टूर्नामेंट उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित किया जा रहा है, जहां बृजभूषण का प्रभाव माना जाता है। विनेश ने आरोप लगाया कि वहां निष्पक्ष मुकाबले की उम्मीद करना मुश्किल है।

उन्होंने कहा कि कौन रेफरी किस मुकाबले में जाएगा, कौन चेयरमैन कहां बैठेगा और किस खिलाड़ी को जिताना या हराना है, यह सब बृजभूषण और उसके करीबी लोग तय करते हैं। विनेश ने दावा किया कि खेल मंत्रालय और खेल महासंघ इस पूरे मामले में मूकदर्शक बने हुए हैं।

विनेश फोगाट ने कहा कि एक खिलाड़ी के तौर पर मानसिक दबाव पहले ही बहुत होता है और ऐसे माहौल में जाकर मुकाबला करना उनके लिए बेहद कठिन होगा। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई हो, उसके प्रभाव वाले स्थान पर जाकर प्रतियोगिता खेलना किसी भी महिला खिलाड़ी के लिए आसान नहीं है।

उन्होंने भारत सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। विनेश ने कहा कि यदि प्रतियोगिता के दौरान उनके या उनकी टीम के साथ कोई घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बृजभूषण आज भी खुले तौर पर कुश्ती महासंघ पर अपना दबदबा होने की बात करता है।

हालांकि विनेश ने साफ कहा कि वह अपने लिए किसी विशेष व्यवहार की मांग नहीं कर रहीं। उनकी सिर्फ इतनी मांग है कि खिलाड़ियों की जीत और हार का फैसला उनकी मेहनत और प्रदर्शन के आधार पर हो, न कि किसी दबाव या प्रभाव के आधार पर।