LIVE ठगी! वीडियो कॉल पर दिखाई सोने की ईंट, हाथ आया सिर्फ़ पीतल का टुकड़ा: गंवा डाले लाखों , कहीं अगला शिकार आप तो नहीं !

तिजारा में सोने की ईंट बेचने का झांसा देकर ठाणे निवासी व्यक्ति से 16 लाख रुपये की ठगी की गई। वीडियो कॉल पर चमकदार ईंट दिखाने के बाद खेत में डील की गई। जांच में ईंट पीतल की निकली। पुलिस ने केस दर्ज किया है।

LIVE ठगी! वीडियो कॉल पर दिखाई सोने की ईंट, हाथ आया सिर्फ़ पीतल का टुकड़ा: गंवा डाले लाखों , कहीं अगला शिकार आप तो नहीं !

सोने की ईंट बेचने का झांसा देकर महाराष्ट्र के व्यक्ति से 16 लाख की ठगी
पीड़ित को वीडियो कॉल पर दिखाई गई चमकदार ईंट, जांच में निकली पीतल की
तिजारा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की, ठगों का गैंग सक्रिय बताया गया


विस्तृत खबर

तिजारा (अलवर)। राजस्थान के तिजारा थाना क्षेत्र में सोने की ईंट बेचने का झांसा देकर 16 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले निवासी मुरधन नायडू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि अज्ञात लोगों ने उन्हें सोने की ईंट सस्ते दाम में बेचने का लालच देकर झांसे में लिया और लाखों रुपये ऐंठ लिए

पीड़ित मुरधन नायडू ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसने खुद को राजकुमार बताया और कहा कि वह उन्हें जानता है। राजकुमार ने कहा कि ठाणे में मजदूरी करते समय खेत में उसे सोने की ईंट मिली है, लेकिन उसकी पत्नी गंभीर रूप से बीमार है और उसे पैसों की जरूरत है। उसने कहा कि अगर मुरधन चाहें तो वह ईंट उन्हें बेच सकता है।

धीरे-धीरे विश्वास जमाने के लिए ठग ने बार-बार कॉल किए और 18 अक्तूबर को वीडियो कॉल पर एक सोने जैसी चमकदार ईंट दिखाई। लालच में आकर मुरधन 28 अक्तूबर को तिजारा बस स्टैंड पहुंचे। वहाँ राजकुमार नामक व्यक्ति और एक महिला समेत दो लोग उनसे मिले। तीनों ने मुरधन को बाइक पर बैठाकर खेतों की ओर ले जाकर एक छोटा सोने जैसा टुकड़ा दिया और कहा कि पूरी ईंट 30 लाख में देंगे, लेकिन बाद में सौदा 16 लाख रुपये में तय हुआ।

मुरधन ने वह छोटा टुकड़ा ठाणे जाकर सुनार से जांच कराया, जो सचमुच सोने का निकला। इससे उन्हें पूरा विश्वास हो गया। उन्होंने अपनी पत्नी के गहने 10.50 लाख रुपये में गिरवी रखकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर बाकी राशि जुटाई। 28 अक्तूबर को वह फिर तिजारा पहुंचे, जहाँ राजकुमार और महिला ने खेत में जाकर उन्हें ईंट थमाई और 16 लाख रुपये नकद ले लिए।

घर लौटने पर जब ईंट की जांच कराई तो वह पीतल की निकली। ठगे जाने का एहसास होते ही मुरधन ने राजकुमार और उसके साथियों को फोन किया, लेकिन उन्होंने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।

मुरधन नायडू ने पुलिस को बताया कि इस ठगी के कारण उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई गंवा दी है। पत्नी की ज्वेलरी बैंक में गिरवी है और रिश्तेदारों से लिए कर्ज को लौटाने की चिंता सता रही है।

तिजारा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह ठगों का संगठित गैंग है जो लंबे समय से सोने-चांदी के नाम पर देश के अलग-अलग राज्यों में ठगी की वारदातें कर रहा है। पुलिस ने कॉल डिटेल्स निकालने और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।