सोनीपत में खौफनाक मर्डर, दोस्त ही निकले हमलावर
सोनीपत में 23 वर्षीय युवक की उसके ही दोस्तों ने पुरानी रंजिश के चलते पेचकस से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
■ सोनीपत में युवक की पेचकस से हत्या, पुरानी रंजिश बनी वजह
■ दोस्तों ने रास्ता रोककर किया हमला, खेतों तक पीछा किया
■ गंभीर घायल युवक को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 23 वर्षीय युवक की उसके ही परिचितों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव दोदवा निवासी युद्धवीर के रूप में हुई है, जो एक प्राइवेट बैंक से जुड़ा था और किस्त न भरने वाले वाहनों को पकड़ने का काम करता था।
घटना के अनुसार, युद्धवीर बुधवार देर शाम अपने काम से बाइक पर पिनाना से अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के पास पंचायत भवन के नजदीक पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे निक्की और उसके एक साथी ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच चार-पांच दिन पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसे इस वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवक पर पेचकस से हमला कर दिया। खुद को बचाने के लिए युद्धवीर खेतों की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और वहां भी उस पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोग और परिजन उसे पहले गोहाना अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए बीपीएस मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि पुरानी रंजिश के चलते ही इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
shubham