बुलडोजर आया तो टावर पर चढ़ गया युवक! 250 फीट ऊपर चढ़कर किया विरोध, सब हैरान
सोनीपत में अवैध कब्जा हटाने पहुंचे निगमकर्मियों के विरोध में युवक 250 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। प्रशासन ने कार्रवाई रोककर उसे नीचे उतारने की कोशिश शुरू की।
■ सोनीपत में अवैध कब्जा हटाने पहुंचे निगमकर्मी, युवक 250 फीट टावर पर चढ़ा
■ बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में हाईवोल्टेज ड्रामा, प्रशासन ने रोकी कार्रवाई
■ घंटों समझाइश के बाद युवक को नीचे उतारने की कोशिश, हालात तनावपूर्ण
हरियाणा के सोनीपत में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अवैध कब्जा हटाने पहुंची नगर निगम की टीम के विरोध में एक युवक 250 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ गया। यह घटना नेशनल हाईवे-44 के पास गांव असावरपुर की है, जहां प्रशासनिक कार्रवाई अचानक हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गई। युवक की पहचान सुनील के रूप में हुई है, जिसने अपने घर को तोड़े जाने के विरोध में यह खतरनाक कदम उठाया।मिली जानकारी के अनुसार, निगम की टीम बुलडोजर लेकर सरकारी जमीन पर बने अवैध मकान को हटाने पहुंची थी। जैसे ही युवक ने कार्रवाई शुरू होते देखी, वह सीधे पास ही बने बिजली के टावर पर चढ़ गया और ऊपर से जोर-जोर से चिल्लाकर विरोध जताने लगा। उसकी इस हरकत से मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत बुलडोजर की कार्रवाई रोक दी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास करते रहे। काफी देर तक अधिकारियों ने उसे नीचे आने के लिए मनाने की कोशिश की, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।250 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ना बेहद खतरनाक माना जाता है। ऐसे में प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पूरी घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
shubham