सोनीपत लूट-मर्डर केस का वांटेड Encounter में धराशायी, पैर पर लगी गोलियां

सोनीपत के मल्ला माजरा लूट और हत्या केस में फरार मुख्य आरोपी कुबेर पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार, आरोपी पर ₹5000 का इनाम घोषित था।

सोनीपत लूट-मर्डर केस का वांटेड Encounter में धराशायी, पैर पर लगी गोलियां
  • लूट-मर्डर केस का मुख्य आरोपी कुबेर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
  • एंटी गैंगस्टर यूनिट की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली
  • दिल्ली का हिस्ट्रीशीटर, आरोपी पर ₹5000 का इनाम था घोषित


सोनीपत के मल्ला माजरा लूट और हत्या मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कुबेर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एंटी गैंगस्टर यूनिट और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे सोनीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हिस्ट्रीशीटर कुबेर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस को उसके मूवमेंट को लेकर गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर एंटी गैंगस्टर यूनिट को अलर्ट किया गया और आरोपी की घेराबंदी की योजना बनाई गई।

गुप्त सूचना के बाद पुलिस टीम ने मुनीरपुर-सफियाबाद रोड पर आरोपी की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने मौके से फरार होने की कोशिश की और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को काबू में लेकर तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। यह पूरी कार्रवाई सोनीपत एंटी गैंगस्टर यूनिट द्वारा अंजाम दी गई। मौके से पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक, एक अवैध हथियार, मोबाइल फोन और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व PSI विवेक ने किया। इस दौरान एंटी गैंगस्टर यूनिट इंचार्ज अजय धनखड़ भी मौजूद रहे। टीम में सब-इंस्पेक्टर मनदीप, विक्रांत, ASI अमित, हेड कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल संदीप और ड्राइवर मनजीत शामिल रहे। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक और बड़ी वारदात टल गई।

गिरफ्तार आरोपी कुबेर दिल्ली की जेजे कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर लूट, हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े 8 से 10 संगीन मामले दर्ज हैं। हरियाणा पुलिस ने उस पर ₹5000 का इनाम घोषित किया हुआ था।

पुलिस ने बताया कि मल्ला माजरा लूट-मर्डर केस में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस चार्जशीट तैयार करने में जुट गई है।

जांच में सामने आया है कि यह वारदात 6 आरोपियों ने मिलकर की थी। मल्ला माजरा निवासी साहिल का नाहरा गांव के शेखर के साथ पारिवारिक आना-जाना था। शेखर को साहिल के घर की पूरी जानकारी थी और उसने वारदात से पहले घर की रेकी की थी।

पुलिस के अनुसार 7 जनवरी की रात चार बदमाश घर में घुसे थे। दो बदमाशों के पास पिस्तौल, एक के पास चाकू और एक के हाथ में लकड़ी काटने वाला हथियार था। बदमाशों ने पहले घर की महिला से जेवर उतरवाए और फिर बेटे साहिल के विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।