सोनीपत में हत्या के आरोपी पूर्व सरपंच का सिर मुंडवाकर पुलिस ने निकाला जुलूस
सोनीपत में हत्या के आरोपी पूर्व सरपंच रामनिवास का पुलिस ने सिर मुंडवाकर जुलूस निकाला। हथकड़ी लगाई, माफी मंगवाई। अजय मर्डर केस में आरोपी पर 10 से अधिक केस दर्ज।
-
सोनीपत में हत्या के आरोपी पूर्व सरपंच का सिर मुंडवाकर पुलिस ने निकाला जुलूस
-
खरखौदा की सड़कों पर हथकड़ी लगाकर करवाई परेड, कान पकड़वाकर माफी भी मंगवाई
-
हत्या, लूट, प्रयास-हत्या समेत 10 से अधिक केसों में वांछित था आरोपी रामनिवास
हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार को हत्या के आरोपी पूर्व सरपंच रामनिवास के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सड़कों पर जुलूस के रूप में पैदल घुमाया। पुलिस ने आरोपी का सिर मुंडवाकर, हथकड़ी लगाकर, कान पकड़वाकर माफी मंगवाई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर मौजूद रही।
आरोपी रामनिवास पर गांव पीपली निवासी अजय की हत्या करवाने का आरोप है। खरखौदा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह परेड निकाली। पुलिस ने कहा कि यह कदम समाज में अपराध की छवि खत्म करने और लोगों में कानून का भय पैदा करने के लिए उठाया गया है।
डीसीपी क्राइम नरेंद्र सिंह के सामने भी आरोपी को पेश किया गया, जहां उससे कान पकड़वाकर माफी मंगवाई गई। पुलिस ने बताया कि रामनिवास के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे 10 से अधिक केस दर्ज हैं। वह इलाके में लंबे समय से भय का कारण बना हुआ था।
करीब छह महीने पहले आरोपी को अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया था। साल 2023 में उसने शराब कारोबारी भूपेंद्र दहिया पर फायरिंग की थी और उसके बाद फरार हो गया था। उस पर ₹5000 का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, रामनिवास और भूपेंद्र दहिया के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। कुछ महीने पहले दोनों के बीच सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो और अभद्र टिप्पणियाँ भी सामने आई थीं। भूपेंद्र ने रामनिवास के घर में फायरिंग करवाई थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
हत्या का पूरा मामला
10 नवंबर की रात पीपली गांव निवासी अजय जिम से लौट रहा था। स्कूल के पास पहुंचते ही दो गाड़ियों में सवार युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय को खरखौदा से रोहतक और फिर मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, यह हमला गांव में प्लॉट विवाद की पुरानी रंजिश के चलते हुआ। मृतक अजय विवाहित था और उसकी एक बेटी है। परिवार में मां, बड़ा भाई और उसकी पत्नी हैं। पुलिस ने आरोपी पूर्व सरपंच रामनिवास को गिरफ्तार कर 5 दिन के रिमांड पर लिया है।
Author1