सोनीपत में कोहरे का कहर, ट्रक-इको भिड़ंत में एक की मौत, 13 घायल

सोनीपत में नेशनल हाईवे 334पी पर घने कोहरे के बीच गलत दिशा से आ रहे ट्रक की इको गाड़ी से टक्कर हो गई। हादसे में एक की मौत और 13 लोग घायल हुए।

सोनीपत में कोहरे का कहर, ट्रक-इको भिड़ंत में एक की मौत, 13 घायल
  • सोनीपत में घने कोहरे के बीच नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा
  • गलत दिशा से आ रहे ट्रक की इको गाड़ी से आमने-सामने भिड़ंत
  • एक की मौत, 13 घायल, तीन की हालत गंभीर


सोनीपत में एक बार फिर घने कोहरे ने जान ले ली। नेशनल हाईवे 334पी पर सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी, इसी दौरान गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने सामने से आ रही इको गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार ट्रक चालक गांव बड़वासनी की ओर से गलत दिशा में बवाना की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बड़वासनी की ओर आ रही इको गाड़ी सामने से ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद इको गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक बाइक सवार भी चपेट में आकर घायल हो गया।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सोनीपत के सिविल अस्पताल भिजवाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए तीन लोगों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि इको गाड़ी में सवार सभी लोग जेजे कॉलोनी से आ रहे मजदूर थे।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक चालक की लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाना सामने आई है।

सदर थाना के सब इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि नेशनल हाईवे 334पी पर ट्रक और इको गाड़ी की टक्कर की सूचना मिली थी। ट्रक चालक गलत दिशा से आ रहा था। हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है।