सोनीपत में बेटे पर पिता की ह*त्या का आरोप, गांव में सनसनी

सोनीपत के थाना कलां गांव में 61 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले में उसके बेटे पर आरोप लगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

सोनीपत में बेटे पर पिता की ह*त्या का आरोप, गांव में सनसनी

सोनीपत के थाना कलां गांव में बेटे पर पिता की हत्या का आरोप

• नशे का आदी बताया जा रहा आरोपी, वारदात के बाद फरार

• एक महीने पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से घर लौटा था आरोपी

हरियाणा के सोनीपत जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के गांव थाना कलां में एक बेटे पर अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 61 वर्षीय सरदार के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी बेटा ब्रह्म प्रकाश लंबे समय से नशे का आदी था। उस पर अपने पिता की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है।

बताया जा रहा है कि बीती रात आरोपी ने घर में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उसने घर के सामान में आग भी लगा दी। देर रात तक घर में हंगामे का माहौल बना रहा।

आरोप है कि अल सुबह ब्रह्म प्रकाश ने अपने पिता पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी राजमिस्त्री का काम करता था। वह करीब एक माह पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से वापस घर लौटा था। इसके बावजूद उसकी नशे की लत पूरी तरह नहीं छूटी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद खरखौदा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।