हरियाणा में बुजुर्ग महिला को पेट्रोल डालकर जलाया, हालत गंभीर बरामदे में सो रही थी महिला, पड़ोसियों ने खाट में लगा दी आग
सोनीपत के गांव कथुरा में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजो देवी पर पड़ोस के युवकों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को गोहाना से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
■ सोनीपत में बुजुर्ग महिला पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश
■ बरामदे में सो रही थी 65 वर्षीय महिला, पड़ोसियों पर वारदात का आरोप
■ गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर, 4 साल पुरानी रंजिश बताई वजह
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां देर रात घर के बरामदे में सो रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजो देवी पर कुछ युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले गोहाना के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
परिवार का आरोप है कि हमलावर कांच की बोतल में पेट्रोल लेकर आए थे और सो रही महिला की रजाई और खाट के नीचे पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
बरामदे में सो रही महिला को बनाया निशाना
गोहाना के गांव कथुरा निवासी सोनू ने बताया कि मंगलवार को फाग के दिन पूरा परिवार घर में होली खेल रहा था। देर रात सभी अपने-अपने स्थान पर सो गए। आमतौर पर वह खुद बरामदे में सोता है, लेकिन उस रात उसकी मां राजो देवी बरामदे में खाट पर रजाई ओढ़कर सो रही थीं।
रात करीब 11:45 बजे पड़ोस के 8 से 10 युवक कांच की बोतलों में पेट्रोल लेकर आए। आरोप है कि उन्होंने सो रही महिला पर पेट्रोल छिड़का और खाट के नीचे भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग लगते ही मचा हड़कंप
जैसे ही आग लगी तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। आग की लपटों में झुलसने से राजो देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उन्हें तुरंत गोहाना के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। महिला के हाथ-पैर बुरी तरह झुलस गए हैं और शरीर पर सूजन बताई जा रही है।
4 साल पुरानी रंजिश बताई वजह
सोनू के अनुसार, गांव की चौपाल में बच्चों की पढ़ाई के लिए एक लाइब्रेरी बनाई गई है। करीब चार साल पहले होली के दिन कुछ युवक शराब पीकर चौपाल पर डांस कर रहे थे। उस समय बच्चों की पढ़ाई का हवाला देकर उन्हें वहां से जाने को कहा गया था।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई थी। परिवार का आरोप है कि तभी से पड़ोस के कुछ युवकों के साथ रंजिश चली आ रही है और वे हर साल होली पर झगड़ा करते हैं।
पड़ोसियों पर लगाया आरोप
सोनू ने आरोप लगाया कि परिवार के एक व्यक्ति प्रदीप के कहने पर विजय समेत 8-10 युवकों ने मिलकर उसकी मां को जिंदा जलाने की कोशिश की। उनका कहना है कि आरोपियों ने पहले भी कई बार झगड़ा किया और होली का त्योहार नहीं मनाने देने की धमकी दी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घायल महिला और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
shubham