सोनीपत में GRAP-3 को लेकर बड़ी छापेमारी, 19 टीमें उतरीं , प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई

सोनीपत में GRAP-3 लागू होने पर जिला प्रशासन और CPCB ने प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर 19 टीमों के साथ बड़ी कार्रवाई शुरू की। डीसी-डीसीपी की निगरानी में छापेमारी जारी।

सोनीपत में GRAP-3 को लेकर बड़ी छापेमारी, 19 टीमें उतरीं , प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई

• सोनीपत में GRAP-3 लागू होने पर जिला प्रशासन और CPCB की संयुक्त कार्रवाई
• प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर 19 टीमों की बड़े स्तर पर छापेमारी
• डीसी, डीसीपी और चार SDM की निगरानी में सुबह से ऑपरेशन शुरू



सोनीपत में GRAP-3 लागू होने के बाद जिला प्रशासन और सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने बड़े स्तर पर प्रदूषण-रोधी कार्रवाई शुरू कर दी है। तड़के सुबह से जिला भर में उन उद्योगों पर छापेमारी की जा रही है, जिन पर प्रदूषण के नियमों को तोड़ने की शिकायतें हैं।

डीसी सुशील सारवान, डीसीपी नरेन्द्र कादियान और जिले के चार एसडीएम की अगुवाई में कुल 19 टीमें मैदान में उतारी गई हैं। इन टीमों में 55 अधिकारी शामिल किए गए हैं, जिन्हें भारी पुलिस बल का सहयोग प्राप्त है। सभी टीमें अलग-अलग औद्योगिक इलाकों में औचक निरीक्षण कर रही हैं।

सुबह 7 बजे राई रेस्ट हाउस में सभी अधिकारी और पुलिस बल को इकट्ठा किया गया। यहीं टीमें गठित की गईं और मौके पर ही पूरी कार्रवाई की ब्रीफिंग दी गई। डीसी सुशील सारवान ने प्रत्येक टीम को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए तुरंत रवाना किया। उन्होंने कहा कि GRAP-3 के तहत किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों में रिकॉर्ड, मशीनरी, धुएं के उत्सर्जन और वेस्ट डिस्पोज़ल सिस्टम को विशेष रूप से चेक किया जा रहा है। कई जगह से टीमों को अनियमितताएं मिलने की जानकारी भी सामने आई है, जिसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का कहना है कि GRAP-3 की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने तक यह ऑपरेशन जारी रहेगा।