6 दिन से लापता आर्या का सुराग नहीं,NDRF और डॉग स्क्वायड के बाद अब गिरी नदी तक तलाश
सिरमौर के घेवना गांव से छह दिन से लापता पांच वर्षीय आर्या का सुराग नहीं मिला। NDRF और डॉग स्क्वायड के बाद अब गिरी नदी तक तलाश अभियान चलेगा।
छह दिन बाद भी पांच वर्षीय आर्या का कोई सुराग नहीं, NDRF और डॉग स्क्वायड भी रहे नाकाम
➤ खड्ड और आसपास 14 से 15 किलोमीटर क्षेत्र में चल चुका है सर्च ऑपरेशन
➤ अब गिरी नदी तक तलाश बढ़ाएगा प्रशासन, ग्रामीण भी जंगल और खड्ड में लगातार जुटे
सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र के घेवना गांव से घर के आंगन में खेलते समय लापता हुई पांच वर्षीय मासूम आर्या का छह दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्ची की तलाश में पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ NDRF की टीम तथा शिमला से बुलाया गया डॉग स्क्वायड भी व्यापक सर्च ऑपरेशन चला चुका है, लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। बच्ची के परिजनों और ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
आर्या बीते रविवार को घर के आंगन में खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर घर के आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की। जब काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला तो पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।
बच्ची के घर के पास ही एक खड्ड बहती है, जिसमें इन दिनों पानी का बहाव काफी तेज है। ऐसे में परिजनों को आशंका है कि आर्या खड्ड के तेज बहाव में बह गई होगी। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए पुलिस, प्रशासन, NDRF, डॉग स्क्वायड और ग्रामीण लगातार खड्ड तथा उसके आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
पहले पुलिस और ग्रामीणों ने खड्ड में शुरू की तलाश
आर्या के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले घर के आसपास तथा खड्ड में उसकी तलाश शुरू की। अलग-अलग स्थानों पर खोजबीन के बावजूद जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला तो प्रशासन ने NDRF की टीम को मौके पर बुलाया।
NDRF की टीम ने खड्ड और उसके आसपास करीब 14 से 15 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान चलाया। टीम ने संभावित स्थानों पर गहनता से तलाशी ली, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी बच्ची के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
शिमला से बुलाया गया डॉग स्क्वायड भी खाली हाथ लौटा
आर्या की तलाश को और तेज करने के लिए शिमला से डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई। डॉग स्क्वायड ने गुरुवार को दिनभर खड्ड के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। टीम ने संभावित स्थानों को खंगाला, लेकिन बच्ची से जुड़ा कोई सुराग नहीं मिल पाया।
सर्च अभियान पूरा करने के बाद डॉग स्क्वायड की टीम शिमला लौट गई। वहीं बच्ची की तलाश अभी भी जारी है और प्रशासन अब खड्ड से आगे गिरी नदी की दिशा में भी सर्च ऑपरेशन चलाने की तैयारी कर रहा है।
खड्ड आगे जाकर गिरी नदी में मिलती है
आर्या के घर के पास बहने वाली खड्ड आगे जाकर गिरी नदी में मिलती है। इसी वजह से अब प्रशासन का फोकस गिरी नदी की ओर जाने वाले ट्रैक पर भी है। संगड़ाह के एसडीएम सुनील कायथ ने कहा कि गिरी नदी वाले ट्रैक में भी एक बार फिर तलाश अभियान चलाया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि पानी का बहाव तेज होने के कारण इस संभावना को भी ध्यान में रखा जा रहा है कि बच्ची बहाव के साथ आगे चली गई हो। प्रशासन उपलब्ध संसाधनों के साथ आर्या की तलाश जारी रखेगा।
JCB से खड्ड का रुख मोड़ा गया
बच्ची की तलाश में ग्रामीण भी लगातार जुटे हुए हैं। आर्या के घर के पास बहने वाली खड्ड का रुख JCB मशीन की मदद से मोड़ा गया है, ताकि खड्ड के अंदर भी गहनता से जांच की जा सके और किसी संभावित सुराग का पता लगाया जा सके।
ग्रामीणों ने बच्ची को खोजने के लिए पिछले चार दिनों से लगातार अभियान चला रखा है। घेवना सहित लाना चेता पंचायत के ग्रामीण जंगल, खड्ड और आसपास के क्षेत्रों को लगातार खंगाल रहे हैं।
ग्रामीणों की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर बंटकर बच्ची की तलाश कर रही हैं। पुलिस, प्रशासन और बचाव दलों के प्रयासों के बावजूद छह दिन बीतने के बाद भी आर्या का पता नहीं चल पाया है। अब प्रशासन की ओर से गिरी नदी की दिशा में सर्च ऑपरेशन चलाने की तैयारी की जा रही है।
Akhil Mahajan