समालखा में भाजपा की बैठक, विधायक भड़ाना बोले – 2047 तक विकसित भारत बनाना लक्ष्य
समालखा में भाजपा चुलकाना धाम मंडल पदाधिकारियों की बैठक में विधायक मनमोहन भड़ाना ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य पूरा करने के लिए हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। सेवा पखवाड़ा के तहत रक्तदान, मोदी मैराथन और कई सामाजिक कार्यक्रम तय हुए।
➤ भाजपा बैठक में विधायक मनमोहन भड़ाना ने किया कार्यकर्ताओं का आह्वान
➤ 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प, सेवा पखवाड़ा पर चर्चा
➤ मोदी मैराथन, रक्तदान शिविर और वरिष्ठजनों के सम्मान जैसे कार्यक्रम तय
अशोक शर्मा
समालखा। भाजपा चुलकाना धाम मंडल पदाधिकारी की एक अहम बैठक मंडल उपाध्यक्ष जोगिंदर छौक्कर के जीटी रोड स्थित कार्यालय पर आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मनमोहन भड़ाना ने शिरकत की। बैठक की शुरुआत में मंडल अध्यक्ष कुलदीप जांगड़ा ने अपनी टीम के साथ विधायक का बुके और श्याम बाबा के पवित्र पटके पहनाकर स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक मनमोहन भड़ाना ने कहा कि भाजपा सरकार को कार्यकर्ताओं की मेहनत और पराकाष्ठा ने बनाया है। उन्होंने कहा कि हम सबका लक्ष्य है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे हर कार्यकर्ता के साथ चौबीसों घंटे खड़े मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का मुख्य कर्तव्य है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
विधायक ने आगे बताया कि सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से शुरू होगा, जो विश्व के सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से लेकर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती तक आयोजित होगा। इस दौरान रक्तदान शिविर, मोदी मैराथन, दिव्यांगों को उपकरण वितरण, प्रबुद्धजनों का सम्मान, वरिष्ठ जन सम्मेलन और स्वदेशी व आत्मनिर्भर भारत जैसे कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह कार्यक्रम 16 दिन तक प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर चलेंगे।
बैठक में जिले और मंडल स्तर के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर जिला महामंत्री सुनील कांसल, सेवा पखवाड़ा संयोजक संजय अग्रवाल, मंडल प्रभारी जगबीर आर्य, विधायक प्रतिनिधि जसराज भाटी, मंडल अध्यक्ष कुलदीप जांगड़ा, महामंत्री अमित रावल, पवन त्यागी, जोगिंदर छौक्कर, संजय त्यागी, नरेश छौक्कर, चरण सिंह छौक्कर, रामपाल चौहान, सतवंत सिंह, गुरमुख सिंह, महेश शर्मा, राजेंद्र देशवाल, भूषण नंबरदार, सतपाल भारती, दिनेश चंद्र और मंडल मीडिया प्रभारी सोनू शर्मा छदिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Akhil Mahajan