37 बार भिड़े रोनाल्डो-मेसी, अब पहली बार एक टीम में उतरने की तैयारी
क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी पहली बार एक टीम के लिए खेल सकते हैं। कार्लोस टेवेज ने फेयरवेल मैच में दोनों को साथ लाने की योजना बनाई है।
➤ रोनाल्डो और मेसी 37 बार आमने-सामने, अब एक टीम में खेलने का बन रहा ऐतिहासिक मौका
➤ कार्लोस टेवेज ने बोका जूनियर्स के मैदान ला बॉम्बोनेरा में फेयरवेल मैच की बनाई योजना
➤ दिसंबर में संभावित मैच, दोनों दिग्गजों को साथ लाने के लिए टेवेज के सीधे संपर्क में होने का दावा
फुटबॉल की दुनिया में क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी की प्रतिद्वंद्विता ने करीब 15 साल तक खेल प्रेमियों का ध्यान खींचा है। दोनों दिग्गजों ने क्लब और नेशनल लेवल पर कई मुकाबलों में एक-दूसरे का सामना किया है, लेकिन अब पहली बार ऐसा मौका बन सकता है, जब दोनों एक ही टीम के लिए मैदान पर उतरें। इस खास योजना के पीछे अर्जेंटीना के पूर्व फुटबॉलर कार्लोस टेवेज हैं, जो रोनाल्डो और मेसी दोनों के साथ टीममेट रह चुके हैं।
पुर्तगाल के रोनाल्डो और अर्जेंटीना के मेसी ने फुटबॉल के एक लंबे दौर को अपनी प्रतिद्वंद्विता से खास बनाया। खासकर ला लीगा में जब रोनाल्डो रियल मैड्रिड और मेसी बार्सिलोना के लिए खेलते थे, तब दोनों के बीच मुकाबले दुनिया भर में चर्चा का विषय रहते थे। दोनों अब तक कुल 37 बार आमने-सामने हो चुके हैं, लेकिन कभी एक ही टीम के लिए नहीं खेले।
अब कार्लोस टेवेज अपने फेयरवेल मैच के जरिए इस तस्वीर को बदलने की तैयारी में हैं। TYC Sports की रिपोर्ट के मुताबिक, टेवेज ने बोका जूनियर्स के प्रेसिडेंट जुआन रोमन रिकेल्मे से क्लब के घरेलू मैदान ला बॉम्बोनेरा में मैच आयोजित कराने को लेकर बातचीत की है। रिकेल्मे ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। खास बात यह है कि रिकेल्मे खुद भी टेवेज के साथ खेल चुके हैं।
37 मुकाबलों के बाद पहली बार साथ दिख सकते हैं दोनों दिग्गज
रोनाल्डो और मेसी में से कौन दुनिया का सबसे महान फुटबॉलर है, इस सवाल पर वर्षों से बहस चलती रही है। दोनों ने अपने-अपने क्लब और देश के लिए शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। दोनों दिग्गजों ने मिलकर 13 बैलन डी'ओर जीते हैं।
अब दोनों को कार्लोस टेवेज के फेयरवेल मैच में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। अगर दोनों इस मुकाबले में एक ही टीम का हिस्सा बनते हैं, तो यह फुटबॉल इतिहास के सबसे खास पलों में से एक होगा।
दिसंबर में हो सकता है टेवेज का फेयरवेल मैच
कार्लोस टेवेज ने बोका जूनियर्स के लिए अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने वर्ष 2021 में फुटबॉल से संन्यास लिया था। अब करीब पांच साल बाद वह अपने फेयरवेल मैच की तैयारी कर रहे हैं।
रिकेल्मे की मंजूरी मिलने के बाद अब अधिकारी मैच की तारीख तय करने पर काम कर रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि यह मुकाबला दिसंबर में आयोजित किया जाएगा, ताकि बोका जूनियर्स के नियमित शेड्यूल पर इसका असर न पड़े।
अगर योजना के मुताबिक मुकाबला दिसंबर में होता है और रोनाल्डो तथा मेसी इसमें शामिल होते हैं, तो दोनों सुपरस्टार पहली बार एक ही टीम की जर्सी में नजर आ सकते हैं।
टेवेज ही क्यों कर सकते हैं रोनाल्डो और मेसी को साथ लाने का काम?
रोनाल्डो और मेसी को एक ही टीम में लाने की योजना के लिए कार्लोस टेवेज का नाम सबसे खास माना जा रहा है। इसकी वजह यह है कि टेवेज दोनों खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर चुके हैं और उनके साथ आज भी अच्छे संबंध बताए जाते हैं।
टेवेज ने अर्जेंटीना की टीम में मेसी के साथ खेला है। वहीं क्लब फुटबॉल में वह मैनचेस्टर यूनाइटेड में रोनाल्डो के टीममेट रह चुके हैं। यही वजह है कि दोनों खिलाड़ियों के साथ उनके पुराने रिश्ते इस योजना को आगे बढ़ाने में अहम हो सकते हैं।
व्हाट्सऐप पर आज भी दोनों के संपर्क में हैं टेवेज
टेवेज ने एक इंटरव्यू में दोनों दिग्गजों को एक साथ मैदान पर उतारने की अपनी योजना के बारे में बात की। ओल्गा को दिए इंटरव्यू में उनसे जब रोनाल्डो और मेसी को एक साथ लाने की योजना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि वह आज भी दोनों के संपर्क में हैं और व्हाट्सऐप पर उनसे बातचीत करते हैं।
जब टेवेज से पूछा गया कि क्या लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे, तो उन्होंने जवाब दिया, “हम उन्हें एक साथ लाएंगे।”
अब टेवेज की यह योजना कितनी सफल होती है, यह आने वाले समय में साफ होगा। लेकिन अगर रोनाल्डो और मेसी एक ही टीम के लिए मैदान पर उतरते हैं, तो दोनों की करीब 15 साल पुरानी फुटबॉल प्रतिद्वंद्विता के बाद यह नजारा निश्चित रूप से ऐतिहासिक होगा।
Akhil Mahajan