वोटर लिस्ट पर बड़ा बवाल, 450 नए वोटर जोड़ने से मचा हड़कंप

रेवाड़ी के वार्ड-12 में 450 नए वोटर जोड़ने पर विवाद खड़ा हो गया है। निर्दलीय उम्मीदवार ने BLO पर भाजपा के पक्ष में काम करने और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं।

वोटर लिस्ट पर बड़ा बवाल, 450 नए वोटर जोड़ने से मचा हड़कंप

रेवाड़ी के वार्ड-12 में 450 नए वोटर जोड़ने पर विवाद गहराया

निर्दलीय प्रत्याशी ने BLO पर BJP के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया

बूथ शिफ्ट विवाद के बीच वोटर लिस्ट में नाम गायब होने की शिकायतें


हरियाणा के रेवाड़ी शहर के वार्ड-12 में नगर निकाय चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बूथ को राव तुलाराम स्टेडियम से सज्जन सोसाइटी में शिफ्ट करने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब फाइनल मतदाता सूची में 450 से अधिक नए वोटर जोड़ने पर बवाल शुरू हो गया है।

निर्दलीय उम्मीदवार गजेंद्र ने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) दयानंद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि BLO भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में काम कर रहा है और वोटर लिस्ट में पक्षपात किया गया है। हालांकि BLO ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उम्मीदवारों द्वारा दिए गए नामों के आधार पर ही मतदाता सूची तैयार की गई है।

वार्ड-12 के मतदाता कुनाल ने दावा किया कि उनका वोटर आईडी कार्ड बनने के बावजूद वोटर लिस्ट से नाम गायब है। उन्होंने बताया कि उनका वोटर आईडी नंबर 1518 है, लेकिन अंतिम सूची में नाम शामिल नहीं किया गया। इसी तरह प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया कि उन्होंने और उनकी माता सावित्री देवी ने दो महीने पहले वोट के लिए आवेदन किया था और वोटर आईडी कार्ड भी मिल चुका है, लेकिन सूची में नाम नहीं है।

मतदाताओं का आरोप है कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नहीं हुई। लोगों ने सीधे तौर पर BLO दयानंद पर सवाल उठाए हैं। वहीं, चुनावी माहौल में यह मामला अब राजनीतिक रंग भी लेता जा रहा है।

निर्दलीय प्रत्याशी गजेंद्र ने कहा कि पहले विवाद केवल बूथ शिफ्टिंग का था, लेकिन अब अचानक 450 से 600 नए मतदाताओं की सूची जारी होने से मामला और गंभीर हो गया है। उनका आरोप है कि सप्लीमेंटरी लिस्ट में ज्यादातर नाम भाजपा उम्मीदवार से जुड़े लोगों के जोड़े गए हैं, जबकि उनके समर्थकों के केवल पांच नाम शामिल किए गए।

गजेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा उम्मीदवार निखिल माढ़ैया के पिता और रियल एस्टेट कारोबारी सज्जन पहलवान का BLO से करीबी संबंध है। उन्होंने कहा कि पहले बूथ को निजी सोसाइटी के भवन में शिफ्ट कराया गया और अब फर्जी वोटर जोड़ने का काम किया जा रहा है।

वहीं, BLO दयानंद ने कहा कि उनके लिए सभी उम्मीदवार समान हैं। उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति से संबंध होने से इनकार किया और कहा कि उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं।

दरअसल, उत्तम नगर क्षेत्र के मतदाताओं का बूथ पिछले करीब 25 वर्षों से राव तुलाराम स्टेडियम में बनाया जाता रहा है। इस बार बूथ को सज्जन कॉलोनी में शिफ्ट करने के फैसले के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया था। अब नए वोटरों को जोड़ने के विवाद ने मामले को और गर्मा दिया है।

गौरतलब है कि वार्ड-12 से भाजपा उम्मीदवार निखिल माढ़ैया के परिवार का स्थानीय राजनीति में प्रभाव माना जाता है। उनकी माता रेखा मौजूदा पार्षद हैं और 2020 में भाजपा टिकट पर चुनाव जीती थीं। वहीं उनके पिता सज्जन पहलवान को केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह का करीबी माना जाता है।