हरियाणा में 14 लाख का माल लेकर फरार हुए दो भाई, 101 पार्सल गायब

रेवाड़ी के धारूहेड़ा में ई-कॉमर्स कंपनी के दो वेंडर भाई 14 लाख रुपए से अधिक कीमत के 101 पार्सल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

हरियाणा  में 14 लाख का माल लेकर फरार हुए दो भाई, 101 पार्सल गायब

रेवाड़ी में ई-कॉमर्स कंपनी के 101 पार्सल लेकर दो भाई फरार

14 लाख से अधिक कीमत के मोबाइल और अन्य सामान गायब

फर्जी पता देकर ली थी वेंडरशिप, 11 कर्मचारियों का वेतन भी अटका

हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में एक ई-कॉमर्स डिलीवरी कंपनी के दो वेंडर भाइयों द्वारा 14.04 लाख रुपए मूल्य के 101 पार्सल लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों ने कंपनी से आए पार्सल रिसीव तो कर लिए, लेकिन उन्हें सिस्टम में अपलोड नहीं किया और बाद में सामान सहित गायब हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव बालधन निवासी नितेश कुमार, जो एक डिलीवरी कंपनी में रिजनल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, ने धारूहेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि कंपनी की बास रोड स्थित शाखा की वेंडरशिप भिवाड़ी के कैप्टन चौक निवासी बलराम जोशी को दी गई थी।

शिकायत के मुताबिक, 1 जून को रेवाड़ी डिलीवरी हब से फ्लिपकार्ट के 101 सीलबंद पार्सल धारूहेड़ा शाखा में भेजे गए थे। इन पार्सलों में मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान था, जिसकी कुल कीमत 14,04,720 रुपए बताई गई है। सभी पार्सल मिसरूट ऑर्डर थे, जिन्हें रिसीव करने के बाद वापस रेवाड़ी डिलीवरी हब भेजा जाना था।

आरोप है कि वेंडर ने सभी पार्सल रिसीव करने के बाद उन्हें सिस्टम पर अपलोड नहीं किया और न ही वापस हब भेजा। जब कंपनी की ओर से संपर्क कर सामान लौटाने के लिए कहा गया तो आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इसके बाद वह शाखा कार्यालय पर भी नहीं पहुंचा।

जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। कंपनी को पता चला कि बलराम जोशी ने एग्रीमेंट में जो पता दिया था, वह फर्जी था। जांच में उसका सही पता कोटपूतली के बिवाली गांव का निकला। कंपनी का दावा है कि बलराम के साथ उसका भाई कृष्ण शर्मा भी शाखा में काम करता था और वह भी घटना के बाद से लापता है।

रिजनल मैनेजर नितेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जब पुलिस शाखा कार्यालय पहुंची तो आरोपियों से सीसीटीवी फुटेज मांगी गई। इस दौरान पहले एलईडी खराब होने, फिर केबल में दिक्कत और बाद में पासवर्ड नहीं होने का बहाना बनाकर पुलिस को टालने की कोशिश की गई।

घटना के बाद से दोनों भाइयों के मोबाइल फोन बंद हैं और शाखा कार्यालय भी बंद पड़ा है। कंपनी का कहना है कि इस मामले के कारण शाखा में कार्यरत 11 कर्मचारियों का वेतन भी लंबित हो गया है, जिससे कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपियों ने पहले से ही सुनियोजित तरीके से कंपनी के साथ धोखाधड़ी की साजिश तो नहीं रची थी।