हरियाणा में जमीनी विवाद पर एलआईसी एजेंट की हत्या, 19 पर केस
रेवाड़ी के नैनसुखपुरा गांव में जमीनी विवाद के चलते एलआईसी एजेंट महेश की 18–20 हमलावरों ने हत्या कर दी। तीन लोग घायल हुए। पुलिस ने 19 आरोपियों पर केस दर्ज किया।
-
रेवाड़ी में जमीनी विवाद पर एलआईसी एजेंट की पीट-पीटकर हत्या
-
18–20 लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किया हमला
-
19 नामजद आरोपियों पर केस, आरोपी गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं
हरियाणा के रेवाड़ी जिले के नैनसुखपुरा गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां 53 वर्षीय एलआईसी एजेंट महेश की पड़ोसियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमले में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज सिविल अस्पताल रेवाड़ी में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार देर शाम मामूली कहासुनी के बाद मामला अचानक बढ़ गया। आरोपियों की संख्या करीब 18–20 बताई जा रही है, जिनमें कई महिलाएं भी शामिल थीं। सभी ने एक साथ महेश पर हमला कर दिया। पहले उसके सिर पर लाठियों से वार किए गए और फिर हाथ-पैर पर धारदार हथियार से चोट पहुंचाई गई।
हमलावरों की हैवानियत यहीं तक नहीं रुकी। आरोप है कि हत्या के बाद मृतक महेश के शव को पैर पकड़कर घर के बाहर तक घसीटा गया। इसके बाद आरोपी परिवार को धमकाते हुए वहां से फरार हो गए। परिजनों ने बताया कि महेश के एक लड़का और एक लड़की है, दोनों अविवाहित हैं। परिवार ने साफ कहा है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते, अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि यह मामला 12 कनाल जमीन के विवाद से जुड़ा है, जो लंबे समय से अदालत में विचाराधीन है। एक साल पहले भी इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों में टकराव हुआ था। परिजनों का कहना है कि हमलावरों ने पहले से हमला करने की योजना बनाई थी।
जाटूसान थाना प्रभारी भगवत प्रसाद ने कहा कि पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 19 लोगों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और छापेमारी जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच तेजी से की जाएगी।
Author1