मुद्रा भंडार बचाने के लिए RBI ने बेचा सोना! रिपोर्ट में 12 अरब डॉलर की बिक्री का दावा

ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि RBI ने विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के लिए 12 अरब डॉलर मूल्य का सोना बेचा है। हालांकि RBI की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मुद्रा भंडार बचाने के लिए RBI ने बेचा सोना! रिपोर्ट में 12 अरब डॉलर की बिक्री का दावा

ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स की रिपोर्ट में RBI द्वारा सोना बेचने का दावा

रिपोर्ट के अनुसार 12 अरब डॉलर मूल्य का सोना बेचा गया

विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव को वजह बताया गया


भारत के विदेशी मुद्रा भंडार को स्थिर बनाए रखने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बड़ी मात्रा में सोना बेचा है। यह दावा ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स की एक रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार RBI ने हाल के दिनों में करीब 12 अरब डॉलर (लगभग 1.14 लाख करोड़ रुपये) मूल्य का सोना बाजार में उतारा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि RBI ने 22 मई को समाप्त हुए दो सप्ताह के दौरान यह बिक्री की। हालांकि इस संबंध में RBI की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है। इसलिए रिपोर्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार इसी अवधि में RBI ने लगभग 7.5 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां भी खरीदी हैं। रिपोर्ट सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आंकड़ों के विश्लेषण पर आधारित बताई गई है।

मार्च 2026 के अंत तक RBI के पास 880.52 मीट्रिक टन सोने का भंडार था। इसमें से लगभग 77 प्रतिशत सोना देश के भीतर स्थित तिजोरियों में रखा गया था। बीते कुछ समय में RBI लगातार अपने स्वर्ण भंडार को मजबूत करने की रणनीति पर काम करता रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि हॉर्मुज जलमार्ग में बढ़ी अनिश्चितता और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के दबाव के कारण भारत का आयात बिल बढ़ा है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक देश है। ऐसे में विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ना स्वाभाविक माना जा रहा है।

यदि रिपोर्ट के दावे सही साबित होते हैं तो यह हाल के वर्षों में RBI द्वारा उठाया गया एक महत्वपूर्ण वित्तीय कदम माना जाएगा। हालांकि पूरे मामले पर अंतिम स्थिति RBI की आधिकारिक प्रतिक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।