कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी का गुरुमंत्र—जमीन से जुड़ें, जनता की आवाज बनें
कांगड़ा में राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमीन से जुड़कर जनता की आवाज बनने का संदेश दिया और बेहतर प्रदर्शन पर बड़ी जिम्मेदारी देने की बात कही।
➤ संगठन मजबूत करने के लिए जिला अध्यक्षों को मिलेगी निर्णय की आज़ादी
➤ बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी का वादा
➤ बूथ स्तर पर ईमानदार कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने पर जोर
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का मंत्र दिया। उन्होंने साफ कहा कि कार्यकर्ताओं को डर छोड़कर आत्मविश्वास के साथ जनता के बीच जाना होगा और उनकी आवाज बनना होगा। उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन में अधिक अधिकार देने की बात कही, ताकि वे अपने विवेक से फैसले ले सकें और पार्टी को मजबूत बना सकें।
राहुल गांधी ने कहा कि जो जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने बूथ स्तर को संगठन की असली ताकत बताते हुए कहा कि ईमानदार और मेहनती कार्यकर्ताओं को पहचानकर आगे लाना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से होना चाहिए, तभी पार्टी की जड़ें मजबूत होंगी।
कार्यशाला के दौरान राहुल गांधी ने हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के जिला अध्यक्षों से संवाद कर उनके सुझाव भी लिए। उन्होंने जिला अध्यक्षों को निष्पक्ष होकर काम करने की सलाह देते हुए कहा कि उन्हें जज की तरह निर्णय लेना चाहिए, न कि पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाना चाहिए।
इस मौके पर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अब कांग्रेस में जिला अध्यक्ष बनने के लिए किसी नेता की सिफारिश जरूरी नहीं है, बल्कि कोई भी योग्य व्यक्ति आवेदन कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले वर्षों में हिमाचल को एक समृद्ध राज्य बनाया जाएगा।
Akhil Mahajan