राहुल का विमान पहली बार में लैंड नहीं हो पाया, 25 मिनट बाद दूसरी कोशिश में सुरक्षित उतरा; एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान धक्का-मुक्की

राहुल गांधी को लेकर दिल्ली से लखनऊ आ रही AI-1717 फ्लाइट पहली कोशिश में लैंड नहीं हो सकी। 25 मिनट बाद दूसरी कोशिश में विमान सुरक्षित उतरा, एयरपोर्ट पर धक्का-मुक्की हुई।

राहुल का विमान पहली बार में लैंड नहीं हो पाया, 25 मिनट बाद दूसरी कोशिश में सुरक्षित उतरा; एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान धक्का-मुक्की

राहुल गांधी के विमान की लखनऊ में पहली लैंडिंग नहीं हो पाई
AI-1717 फ्लाइट को गो-अराउंड कर 25 मिनट बाद दूसरी कोशिश में सुरक्षित उतारा गया
एयरपोर्ट पर राहुल के स्वागत के दौरान धक्का-मुक्की, सुरक्षा जवान को भी टोका


लखनऊ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर दिल्ली से लखनऊ आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 मंगलवार दोपहर पहली कोशिश में लैंड नहीं कर पाई। विमान लैंडिंग के बेहद करीब पहुंच चुका था, तभी पायलट को एप्रोच सही नहीं लगी। इसके बाद लैंडिंग रोककर विमान को दोबारा ऊपर ले जाया गया। इस प्रक्रिया को गो-अराउंड कराया गया।

विमान के अचानक दोबारा ऊपर जाने से उसमें सवार यात्रियों को तेज झटका महसूस हुआ। कुछ देर के लिए यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बनी। हालांकि, इसके बाद विमान ने दोबारा रनवे की ओर एप्रोच लिया और करीब 25 मिनट बाद दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग कर ली। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

लखनऊ एयरपोर्ट पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिलने के लिए तमाम लोग पहुंचे थे।

पहली लैंडिंग के दौरान एप्रोच हुई अनस्टेबल, दूसरी कोशिश में उतरा विमान

जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की AI-1717 फ्लाइट दोपहर करीब 2:20 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। विमान के लखनऊ पहुंचने का निर्धारित समय करीब 3:30 बजे था। लखनऊ एयरपोर्ट पर पहली लैंडिंग की कोशिश के दौरान एप्रोच अनस्टेबल होने पर पायलट ने विमान को रनवे पर उतारने के बजाय गो-अराउंड करा दिया।

इसके बाद विमान करीब 25 मिनट तक दोबारा हवा में रहा। विमान ने फिर से रनवे की ओर एप्रोच लिया और दूसरी कोशिश में सुरक्षित तरीके से लैंडिंग कराई गई। इस दौरान विमान में राहुल गांधी भी सवार थे।

फिलहाल, पहली कोशिश में लैंडिंग नहीं हो पाने की वजह मौसम थी या कोई तकनीकी समस्या, इसे लेकर एयरलाइंस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

एयरपोर्ट पर राहुल का अजय राय ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान काफी धक्का-मुक्की हुई।

रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर आए हैं राहुल गांधी

राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर आए हैं। लखनऊ पहुंचने के बाद वह आज रात भुएमऊ गेस्ट हाउस में रुकेंगे। बुधवार को राहुल गांधी दिशा की बैठक में शामिल होंगे।

राहुल के लखनऊ पहुंचने को लेकर एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी हुई थी। उनके स्वागत के लिए यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, नेता असीम वकार समेत तमाम लोग एयरपोर्ट पहुंचे थे।

राहुल ने युवक को धक्का दिए जाने पर सिक्योरिटी में तैनात जवान से बात की।

राहुल के स्वागत में जुटी भीड़, मिलने की कोशिश में हुई धक्का-मुक्की

राहुल गांधी के एयरपोर्ट से बाहर निकलने के दौरान बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने और स्वागत करने की कोशिश कर रहे थे। भीड़ बढ़ने के कारण वहां धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात एक जवान ने भीड़ में मौजूद एक युवक को धक्का दिया। इस पर राहुल गांधी ने सुरक्षा जवान को टोका। भीड़ अधिक होने के कारण राहुल गांधी कई बार खुद भी लोगों से बचने के लिए खड़े हो गए।

एयरपोर्ट पर विमान की पहली लैंडिंग नहीं हो पाने की घटना के बाद दूसरी कोशिश में विमान के सुरक्षित उतरने से यात्रियों और क्रू ने राहत की सांस ली। इसके बाद राहुल गांधी अपने निर्धारित रायबरेली दौरे के लिए रवाना हुए।