रिटायर्ड SI के घर फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद में रिटायर्ड SI के घर रात में तीन राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने सोशल मीडिया वीडियो की रंजिश से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
➤ सोशल मीडिया वीडियो की रंजिश में वारदात का आरोप
➤ रात 2 बजे घर के बाहर चलाई गईं तीन गोलियां
➤ दोनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड की तैयारी
फरीदाबाद। शहर के नगला एनक्लेव पार्ट-2 में हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के घर देर रात फायरिंग किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे सोशल मीडिया पर डाले गए एक वीडियो को लेकर पुरानी रंजिश थी। दोनों आरोपी बुधवार रात करीब 2 बजे हथियार लेकर रिटायर्ड SI सरजीत बैंसला के घर पहुंचे और बाहर से तीन राउंड फायर किए। घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में एक गोली दीवार, दूसरी शीशे और तीसरी हवा में चली। घटना के समय परिवार घर के अंदर था। फायरिंग के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलने पर सारन थाना पुलिस और अपराध जांच टीम ने जांच शुरू की।
सोशल मीडिया वीडियो बना विवाद की वजह
पुलिस की जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत 2025 में हुए एक झगड़े से हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी रंजित उर्फ चिन्ना का उस समय किसी से विवाद हुआ था। रिटायर्ड SI के बेटे सचिन ने कथित तौर पर उस झगड़े का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया था।
पुलिस के अनुसार, रंजित ने वीडियो हटाने के लिए कहा था, लेकिन वीडियो हटाया नहीं गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी हुई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की योजना कैसे बनाई गई और हथियार आरोपियों तक कैसे पहुंचे।
दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
इस मामले में पुलिस की AVTS सिकरोना टीम ने हर्ष उर्फ भूरा और रंजित उर्फ चिन्ना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आपस में दोस्त हैं और उत्तम नगर पार्ट-2, नंगला गाजीपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, रंजित उर्फ चिन्ना की उम्र 19 वर्ष है और वह कक्षा 12वीं का छात्र है। वह करीब छह महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। दूसरा आरोपी हर्ष उर्फ भूरा 22 वर्ष का है और एक निजी कंपनी में काम करता है।
पहले भी दर्ज है मामला
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार कहां से आया और इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी पुलिस
एसीपी क्राइम अमन यादव के अनुसार, दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से हथियारों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।
Akhil Mahajan