हरियाणा में बदला मौसम, दो जिलों में बारिश के साथ ओले; 26 अक्टूबर तक बारिश के आसार

हरियाणा में रेवाड़ी और चरखी दादरी में बारिश के साथ ओले गिरे, नूंह में अंधेरा छाया। 26 अक्टूबर तक कई जिलों में बारिश के आसार हैं।

➤ चरखी दादरी और रेवाड़ी में बारिश के साथ ओले गिरे
➤ नूंह में छाया अंधेरा, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
➤ 26 अक्टूबर तक मौसम बदला रहेगा, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड


हिसार। हरियाणा में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। चरखी दादरी और रेवाड़ी में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि नूंह में दोपहर के समय आसमान में घने बादल छाने से अंधेरा जैसा माहौल बन गया। हिसार में भी आसमान में बादल छाए रहे और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार शुक्रवार शाम साढ़े 7 बजे तक नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, रेवाड़ी और झज्जर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण हवाओं की दिशा में बदलाव होगा। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के स्थान पर उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। इसके असर से 25 और 26 अक्टूबर को हरियाणा के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

]रेवाड़ी में दाेपहर को मौसम बदला और बूंदाबांदी शरू हुई।

कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 और 26 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 26 अक्टूबर के बाद मौसम के दोबारा शुष्क होने की संभावना जताई गई है।

मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई देगा। दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। इसके कारण सुबह और शाम के समय लोगों को पहले के मुकाबले हल्की ठंड महसूस हो सकती है। हालांकि, बादल छाए रहने से रात के न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी हो सकती है।

गुरुग्राम और नूंह में सबसे ज्यादा गर्मी

शुक्रवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। गुरुग्राम में सबसे अधिक 33.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद नूंह में 33.5 डिग्री, हिसार में 33.1 डिग्री, चरखी दादरी में 33.1 डिग्री और फरीदाबाद में भी 33.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

वहीं, प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान पंचकूला में 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की कमी आने की संभावना है।

गुरुग्राम में रात का तापमान 14 डिग्री

प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिलों के बीच रात के तापमान में 7.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। प्रदेश में केवल दो स्थानों पर न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

गुरुग्राम में रात का न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री और पंचकूला में 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, नूंह में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री और झज्जर में 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बादल, हल्की बारिश और हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। 26 अक्टूबर के बाद प्रदेश में मौसम के फिर से शुष्क होने की संभावना है।