56 इंच की छाती वाला डरपोक: मोदी ट्रम्प ही नहीं, अडाणी-अंबानी से भी डरते हैं
बेगूसराय में राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला। बोले—56 इंच की छाती वाला डरपोक है, ट्रम्प, अडाणी और अंबानी से डरते हैं मोदी। राहुल ने कहा—वो मंच पर डांस भी कर सकते हैं अगर चुनाव जीतने की गारंटी मिले।
➤ राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तीखा हमला, कहा—56 इंच की छाती वाला डरपोक
➤ राहुल बोले—मोदी ट्रम्प ही नहीं, अडाणी-अंबानी से भी डरते हैं
➤ बेगूसराय रैली में राहुल का वार—चुनाव जीतने के लिए मंच पर डांस भी कर सकते हैं मोदी
बेगूसराय। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को बेगूसराय में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि “56 इंच की छाती वाला डरपोक है। गांधी जी की छाती बड़ी नहीं थी, लेकिन वो किसी से डरते नहीं थे। इंदिरा गांधी भी किसी से नहीं डरती थीं।” राहुल ने कहा कि मोदी जी ट्रम्प से लेकर अडाणी-अंबानी तक सभी से डरते हैं।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि “इस मर्द से ज्यादा दम इंदिरा में था। मोदी जी ट्रम्प से डरते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 50 बार कहा कि मैंने मोदी को झुका दिया। उनके मुंह से एक आवाज नहीं निकली। ऐसा व्यक्ति देश या बिहार का विकास नहीं कर सकता।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि ट्रम्प हमारे ऑपरेशन सिंदूर पर बयान देता है, हमारी सेना और वायुसेना पर टिप्पणी करता है, लेकिन मोदी जी चुप रहते हैं। “इंदिरा गांधी ने अमेरिका को चुप करा दिया था, लेकिन आज मोदी ट्रम्प के फोन पर ही ऑपरेशन रोक देते हैं।” राहुल ने चुनौती दी—“मोदी जी बिहार आकर कहें कि ट्रम्प झूठ बोल रहा है।”
अडाणी-अंबानी से भी डरते हैं मोदी
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सिर्फ ट्रम्प से ही नहीं, बल्कि अडाणी और अंबानी से भी डरते हैं। उन्होंने कहा—“इनका कंट्रोल भी उन्हीं के हाथ में है। चुनाव के दौरान मोदी जी जो भी जनता से कहेंगे, वो करेंगे, लेकिन चुनाव के बाद न दिखाई देंगे और न कोई काम करेंगे।”
राहुल ने तंज करते हुए कहा—“अगर आप मोदी जी से कहेंगे कि योग के तीन-चार आसन कर लो, हम जिता देंगे, तो वो करने लगेंगे। अगर कहो कि मंच पर डांस कर लो, हम वोट देंगे, तो वो डांस भी कर लेंगे।”
दुबई बना सकते हैं तो बिहार क्यों नहीं
राहुल गांधी ने बिहार के युवाओं से सवाल किया—“जब आप दुबई और बेंगलुरु जैसे शहरों को अपने खून-पसीने से बना सकते हैं, तो बिहार को क्यों नहीं?” उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय कभी दुनिया में शिक्षा का केंद्र था, लेकिन अब यहां पेपर लीक और सेटिंग का बोलबाला है। “जिनके पास सेटिंग है, उन्हें नौकरी मिलती है, बाकी युवा देखते रह जाते हैं।”
राहुल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर बिहार में रोजगार, शिक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया जाएगा। “बिहार के युवा मेहनती हैं, बस उन्हें मौका चाहिए, सिस्टम नहीं।”
Author1