राघव चड्ढा का AAP पर पलटवार, बोले- कहानी अभी बाकी है “झूठ को सच बनने से रोकने के लिए बोल रहा हूं”
AAP से तकरार के बीच राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर आरोपों का जवाब दिया और कहा कि उनके खिलाफ स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाया जा रहा है। उन्होंने इसे “ट्रेलर” बताते हुए आगे और खुलासों के संकेत दिए।
■ राघव चड्ढा बोले- यह तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है
■ AAP पर लगाया स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाने का आरोप
■ वीडियो जारी कर संसद में उठाए मुद्दों का दिया जवाब
आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ जारी तकरार के बीच राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने एक और वीडियो जारी कर अपने खिलाफ चल रहे आरोपों पर तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ एक स्क्रिप्टेड और को-ऑर्डिनेटेड कैंपेन चलाया जा रहा है, जिसमें बार-बार एक ही तरह के आरोप दोहराए जा रहे हैं। चड्ढा ने स्पष्ट कहा कि “एक झूठ को सौ बार बोला जाए तो कहीं लोग उसे सच न मान लें, इसलिए मैं जवाब दे रहा हूं।”
राघव चड्ढा ने अपने पोस्ट में लिखा कि जो सहयोगी मजबूरी में उनके खिलाफ बयान दे रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्होंने संसद में पंजाब के मुद्दे नहीं उठाए, उनके लिए यह सिर्फ एक झलक है, पूरी कहानी अभी बाकी है। उन्होंने अपने वीडियो में संसद के भीतर दिए गए भाषणों के अंश भी साझा किए, जिनमें वे पंजाब से जुड़े मुद्दों को उठाते नजर आ रहे हैं।
चड्ढा ने कहा कि “पंजाब मेरे लिए सिर्फ एक विषय नहीं, बल्कि मेरा घर, मेरा कर्तव्य और मेरी आत्मा है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह संसद में शोर-शराबा, माइक तोड़ने या गाली देने नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों को मजबूती से रखने के लिए गए हैं।
इससे पहले 4 अप्रैल को जारी वीडियो में भी उन्होंने कहा था कि उनके खिलाफ एक सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है। शुरुआत में उन्होंने चुप रहने का फैसला किया था, लेकिन जब आरोप लगातार दोहराए जाने लगे तो उन्हें जवाब देना जरूरी लगा।
इसी बीच, कवि और पूर्व AAP नेता कुमार विश्वास का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि राघव चड्ढा पार्टी के अगले “शिकार” हो सकते हैं। यह वीडियो करीब डेढ़ साल पुराना बताया जा रहा है, जिसमें वह एक पॉडकास्ट के दौरान यह टिप्पणी कर रहे थे।
गौरतलब है कि 2 अप्रैल को AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया था। उनकी जगह अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद 3 अप्रैल को चड्ढा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्हें खामोश कराया गया है, लेकिन वह हारे नहीं हैं और समय आने पर जवाब देंगे।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद AAP के कई नेताओं ने भी राघव चड्ढा पर पार्टी लाइन से हटने और अहम मौकों पर अनुपस्थित रहने के आरोप लगाए थे। अब चड्ढा के लगातार आ रहे वीडियो और बयान इस राजनीतिक विवाद को और गर्माते नजर आ रहे हैं।
shubham