‘370 रुपए की बिरयानी’ विवाद में कॉमेडियन प्रणित मोरे पर गुरूग्राम में FIR
गुरुग्राम में ‘370 रुपए की बिरयानी’ विवाद को लेकर कॉमेडियन प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और द लाफ स्टोर संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
• गुरुग्राम में स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे समेत तीन लोगों पर FIR दर्ज
• ‘370 रुपए की बिरयानी’ वाले विवादित बयान को लेकर पुलिस की कार्रवाई
• राष्ट्रीय महिला आयोग की शिकायत और स्वत: संज्ञान के आधार पर केस दर्ज
गुरुग्राम में स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ‘370 रुपए की बिरयानी’ वाले विवादित बयान को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा और साइबर सिटी स्थित द लाफ स्टोर के संचालक का नाम भी एफआईआर में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 स्थित द लाफ स्टोर में आयोजित एक स्टैंडअप शो के दौरान हुई विवादित टिप्पणियों को लेकर की गई है। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देशभर में इसकी आलोचना हो रही थी।
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की शिकायत और पुलिस द्वारा स्वत: संज्ञान लेने के बाद मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि हिमांशु जांगड़ा और प्रणित मोरे को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं। साथ ही विवादित वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को कानूनी नोटिस भेजकर उसे हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि इस मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस भी पहले ही प्रणित मोरे के खिलाफ मामला दर्ज कर चुकी है। ऐसे में अब उनके खिलाफ दो राज्यों में कानूनी कार्रवाई चल रही है।
विवाद की शुरुआत गुरुग्राम के द लाफ स्टोर में आयोजित शो से हुई थी। शो के दौरान प्रणित मोरे दर्शकों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दर्शकों में बैठे वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट से जुड़ा अनुभव साझा किया था।
बातचीत के दौरान हिमांशु ने दावा किया था कि उसने एक लड़की के लिए 370 रुपए की चिकन बिरयानी खरीदी थी। इसके बाद उसने कुछ ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन्हें सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और महिलाओं के प्रति असम्मानजनक बताया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। बढ़ते विवाद के बीच प्रणित मोरे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर माफी जारी की थी। उन्होंने कहा था कि दर्शक की टिप्पणी उनके निजी विचार नहीं थे और उन्हें उस समय बेहतर प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी।
प्रणित ने स्वीकार किया कि वह चाहें तो उस व्यक्ति को रोक सकते थे या उसका विरोध कर सकते थे। उन्होंने कहा कि ऐसा न करके उन्होंने अनजाने में उसे मंच दे दिया, जिसके लिए उन्हें खेद है।
विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु जांगड़ा ने भी वीडियो जारी कर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि शो में सुनाई गई कहानी के कुछ हिस्सों को मनोरंजन के उद्देश्य से बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था। साथ ही उन्होंने अपने शब्दों के चयन पर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी थी।
इस मामले के सामने आने के बाद हिमांशु जांगड़ा को उनकी कंपनी स्टारविक डिजाइन ने नौकरी से भी निकाल दिया था। कंपनी ने स्पष्ट किया था कि वह ऐसे विचारों का समर्थन नहीं करती।
मामले को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर बहस जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सभी तथ्यों और संबंधित वीडियो सामग्री की विस्तार से पड़ताल की जाएगी।
Akhil Mahajan